Samachar Nama
×

बीएमडब्ल्यू के सनरूफ पर युवती ने किया डांस, वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने जब्त की कार

बिलासपुर, 26 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन करते हुए चलती बीएमडब्ल्यू कार के सनरूफ पर युवती का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।

मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार (सीजी10 सीए 3999) में यह घटना हुई।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार तेज गति से हाईवे पर दौड़ रही है जबकि कार में मौजूद एक युवती सनरूफ से बाहर निकलकर डांस कर रही है। इस लापरवाही भरी हरकत से न केवल युवती की जान को खतरा था बल्कि अन्य वाहनों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी।

चकरभाठा पुलिस के अनुसार, कार चालक प्रतीक लूथर (36) बिलासपुर का निवासी है। वह अपनी महिला मित्र के साथ रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार में कार चला रहा था। इसी दौरान युवती सनरूफ पर बैठकर डांस करती नजर आई। वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना मिली।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चकरभाठा पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी चालक की बीएमडब्ल्यू को जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक के खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन, लापरवाही से वाहन चलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है। आगे की जांच चल रही है।

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार वाली लग्जरी गाड़ियों में ऐसे स्टंट न सिर्फ कानूनी कार्रवाई का कारण बनते हैं बल्कि दुर्घटना की आशंका को कई गुना बढ़ा देते हैं। सनरूफ से बाहर निकलना, गाड़ी चलाते समय मोबाइल से वीडियो बनाना या डांस करना पूरी तरह अवैध है और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय अपराध है।

बताते चलें कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए युवा कई बार खतरनाक स्टंट करने से भी गुरेज नहीं करते हैं। कई बार देखा जाता है कि लापरवाही के चलते बड़ा हादसा भी हो जाता है। इसके बावजूद युवाओं में वायरल होने की होड़ मची हुई है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story

Tags