भाजपा सरकार में कानून सबके लिए समान: हेमंत खण्डेलवाल
10 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा है कि आपराधिक जांच से बचने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध का झूठा नैरेटिव गढ़ना कांग्रेस की पुरानी राजनीति रही है। सहानुभूति प्राप्त करने के लिए कानून और जांच एजेंसियों को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस और उसके नेताओं की आदत बन चुकी है।
दरअसल, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अपने भाई को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया था। पटवारी के आरोपो का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा है कि पटवारी का बयान तथ्यों से परे भ्रामक तथा राजनीतिक लाभ लेने का एक असफल प्रयास है। कांग्रेस को गंभीर आपराधिक मामलों में जांच के दायरे में आए लोगों का बचाव करने के बजाय कानून का सम्मान करना चाहिए। जिस व्यक्ति के समर्थन में कांग्रेस खड़ी है, उसके विरुद्ध पूर्व से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। भाजपा सरकार में कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। जब कानून अपना कार्य कर रहा है, तब कांग्रेस और उसके नेता राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाकर जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भ्रम पूरी तरह त्याग दे कि राजनीतिक पद, पारिवारिक संबंध या रसूख कानून से ऊपर हो सकते हैं। भाजपा सरकार में किसी की पहचान उसके राजनीतिक रिश्तों से नहीं, बल्कि उसके कृत्यों से होती है। यदि पुलिस उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों और विधि सम्मत प्रक्रिया के आधार पर किसी व्यक्ति से पूछताछ करती है, तो उसे 'रिवेंज पॉलिटिक्स' बताना न्याय व्यवस्था, जांच एजेंसियों और कानून का अपमान है।
भाजपा सरकार का स्पष्ट सिद्धांत है कि कानून न किसी के दबाव में, न किसी के प्रभाव में और न ही किसी के प्रति द्वेष की भावना से काम करता है। मध्यप्रदेश में तथ्यों, साक्ष्यों और कानून के आधार पर ही कार्रवाई होती है।
--आईएएनएस
एसएनपी/एमएस

