एनडीए का विपक्ष पर तंज, कहा- 'लोग पहले अपने विधायक संभाल लें, फिर लगाएं आरोप'
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनाव और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर एनडीए के नेताओं ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वे लोग अपने विधायकों को संभाल लें।
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जो पार्टियां अपने ही विधायकों को संभाल नहीं सकतीं, वे दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय पहले अपने नेतृत्व पर ध्यान दें। एनडीए ने बिहार की सभी पांच सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मजबूती साबित की है।
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने भी विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि आरोप लगाना आसान है, लेकिन विपक्षी दलों को अपने विधायकों को संभालने पर ध्यान देना चाहिए। एनडीए अपने विधायकों को संभालने में पूरी तरह सक्षम और मजबूत है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास से जोड़ते हुए कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति के कारण जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि यदि लोगों का समर्थन नहीं मिल रहा है तो उन्हें कारणों पर विचार करना चाहिए।
केंद्रीय राज्यमंत्री और एनडीए के राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर ने अपनी जीत पर केंद्रीय नेतृत्व और बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक साधारण व्यक्ति को तीन बार राज्यसभा सदस्य बनाना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी की बात है।
इस बीच, भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने संसद में 8 विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द किए जाने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उनकी सदाशयता का परिचायक है और संसद की मर्यादा बनाए रखना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी और सदन में बाधा उत्पन्न करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम

