भाजपा राहुल गांधी से डरती है, पूरी मशीनरी उनके पीछे लगा दी: अधीर रंजन चौधरी
मुर्शिदाबाद, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी से डरती है, इसलिए पूरी सरकार और मशीनरी उन्हें घेरने और छोटा दिखाने में लगी है, जबकि राहुल गांधी न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और सबको डरो मत का संदेश दे रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ट्रंप सुबह कुछ और शाम को कुछ कहते हैं, उनकी चालाकी के सामने भारत को सिर नहीं झुकाना चाहिए।
राहुल गांधी की चुनौतियों को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम चैलेंज करेंगे, इसमें कोई झूठ नहीं है। सारा देश आपके पक्ष में है, सारी ताकत आपके पास है। देश के सारे नेता सारी ताकत आपके पास है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न्याय की बात करते हैं। जब सरकार अन्याय करती है, आम लोगों पर जुल्म करती है तो राहुल गांधी का फर्ज बनता है कि वह उसका विरोध करें और वही वह कर रहे हैं।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी को घेरने के लिए उन्हें छोटा दिखाने के लिए पूरी भाजपा इतनी बड़ी सरकार और उसकी पूरी मशीनरी तैनात की जा रही है। इसका मतलब है कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है। राहुल गांधी खुद सबको कहते हैं - डरो मत, यह संदेश सबके लिए है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी को डराने की कोशिश न करना ही बेहतर होगा। राहुल गांधी को इस तरह डराना संभव नहीं है, चाहे भाजपा सरकार हो या कोई भी मंत्री। राहुल गांधी कोई झूठी या अन्यायपूर्ण बात नहीं कहते। श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी स्थिति होगी या नहीं, यह देखना सरकार की जिम्मेदारी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को लेकर उन्होंने कहा कि वो सुबह एक बात करते हैं तो शाम को दूसरी बात कहते हैं। उनकी बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। इसलिए कांग्रेस की ओर से बार-बार यही अपील की जा रही है कि ट्रंप की चालाकी के सामने हमें सिर नहीं झुकाना चाहिए। हमें अपने देश के हित में जो कदम सही होगा, वही उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारे देश को तेल की जरूरत है और हमें तेल आयात करना पड़ता है, क्योंकि देश में इतना उत्पादन नहीं होता। इसलिए जहां हमें सुविधा होगी, वहीं से हम तेल खरीदेंगे। रूस के साथ हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। अरब देशों के साथ भी हमारी कोई दुश्मनी नहीं है तो हम तेल क्यों नहीं खरीदेंगे?
कांग्रेस नेता ने कहा कि जहां हमें सस्ता मिलेगा, जहां हमें फायदा होगा, जहां हमें सुविधा होगी, हम वहीं से तेल खरीदेंगे। ऐसा नहीं हो सकता कि अमेरिका के राष्ट्रपति को पूर्णिमा के दिन अच्छा लगे तो तेल खरीद लो और अमावस्या को बुरा लगे तो खरीदना बंद कर दो। टैरिफ लगाकर डर दिखाया जाता है और बार-बार इस डर के सामने सिर झुका दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि हमारा देश कहां से खरीदे, इसकी आजादी तो होनी चाहिए। हम खरीदार हैं और खरीदार को यह आजादी होती है कि वह किस दुकान से खरीदेगा, जहां उसे फायदा मिलेगा। बात इतनी सीधी है, लेकिन सरकार कभी इधर, कभी उधर करती है, डर के मारे ट्रंप से डरती है। हमारी मांग यही है कि ट्रंप के मिजाज के सामने हम अपने स्वार्थ की कभी बलि न दें।
--आईएएनएस
केके/वीसी

