Samachar Nama
×

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का मिशन यूपी : संगठन, सहयोगियों और सांस्कृतिक जगत से संवाद

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का मिशन यूपी : संगठन, सहयोगियों और सांस्कृतिक जगत से संवाद
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का मिशन यूपी : संगठन, सहयोगियों और सांस्कृतिक जगत से संवाद

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ में बैठकों और मुलाकातों का सिलसिला जारी रखते हुए एनडीए सहयोगी दलों, वरिष्ठ नेताओं, साहित्यकारों और कलाकारों से संवाद किया।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा 2027 में पिछले सभी चुनावी रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा और एनडीए के सभी सहयोगी उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। 2017 से अब तक केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पूरे पांच वर्ष बूथ स्तर तक जनता के बीच रहकर काम करता है, जबकि विपक्ष केवल चुनाव के समय सक्रिय होता है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जातीय राजनीति और झूठे वादों के सहारे जनता को गुमराह करना चाहता है, लेकिन प्रदेश की जनता अब इन रणनीतियों को समझ चुकी है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि 2027 में भाजपा पिछली बार से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन दोपहर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अनौपचारिक माहौल में आम का स्वाद लिया। इसे संगठन और सरकार के शीर्ष नेतृत्व के बीच समन्वय के संदेश के रूप में भी देखा गया।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हजरतगंज स्थित पद्मश्री साहित्यकार विद्या बिंदु सिंह के आवास पर साहित्यकारों और कलाकारों से मुलाकात की। वहां उन्होंने निर्धारित समय से देर से पहुंचने पर हाथ जोड़कर क्षमा भी मांगी। करीब 20 मिनट चली बैठक में लोकगायिका मालिनी अवस्थी समेत कई साहित्यकार और कलाकार मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद मालिनी अवस्थी ने बताया कि चर्चा पूरी तरह लखनऊ की संस्कृति, खानपान और साहित्यिक परंपरा पर केंद्रित रही। बैठक में किसी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई और सभी ने दही-जलेबी का भी आनंद लिया। भाजपा नेता अपर्णा यादव ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को और मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुलाकात के दौरान नितिन नवीन ने अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर शोक भी व्यक्त किया। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ अलग बैठक कर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य, संगठनात्मक स्थिति और सामाजिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की।

--आईएएनएस

विकेटी/एसके

Share this story

Tags