भाजपा नेता बोले- इस पार्टी में एक आम कार्यकर्ता भी अध्यक्ष पद तक पहुंच सकता है
नई दिल्ली, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बिहार समेत देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से नितिन नबीन को शुभकामनाएं मिल रही हैं।
नितिन नबीन सोमवार को भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
भाजपा नेता डॉ. के लक्ष्मण ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी ने अपना राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना है। यह दिखाता है कि भारतीय जनता पार्टी में एक आम कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है। नितिन नबीन हमारे युवा कार्यकर्ता हैं और हमारी विचारधारा से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि 'संगठन पर्व' की प्रक्रिया एक साल से लगातार चल रही है। सदस्यता प्रक्रिया चल रही है। विश्व में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी भाजपा ने कई राज्यों में चुनाव के माध्यम से अध्यक्ष चुने हैं। पंकज चौधरी यूपी के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, और नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पीएम मोदी का संकल्प है कि वे विकसित भारत 2047 तक देखना चाहते हैं, और इसके लिए युवा पीढ़ी की जरूरत है।
उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि विपक्ष, यानी कांग्रेस, बताए कि उनके अध्यक्ष का ऐलान कैसे किया गया। कांग्रेस पार्टी में टेबल पर अध्यक्ष का नाम तय होता है। दूसरी पार्टियों में परिवारवाद को बढ़ावा मिलता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि माहौल पूरी तरह से ऊर्जा और जोश से भरा हुआ है। मैं देख रहा हूं कि हमारे कार्यकर्ता बहुत जोश के साथ नितिन नबीन का स्वागत कर रहे हैं। यह जोश इसलिए है क्योंकि एक युवा नेता, जो सिर्फ 45 साल के हैं और युवा विंग से आए हैं, उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। हमारी इतनी बड़ी पार्टी में, जो दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, एक युवा नेता को यह पद देने से जोश की एक अनोखी लहर दौड़ गई है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने एक युवा को मौका दिया है, सभी कार्यकर्ताओं में जोश है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

