भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने विनय कटियार के बयान को सही ठहराया, उठाए ये गंभीर सवाल
गोंडा (उत्तर प्रदेश), 17 जून (आईएएनएस)। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने विनय कटियार के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण होने के बाद उनकी उपेक्षा की जा रही है।
बृजभूषण शरण सिंह ने इस संबंध में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विनय कटियार राम मंदिर आंदोलन के दौरान प्रमुख व्यक्ति में से थे। बजरंग दल के अध्यक्ष थे। वो प्रशासन और आंदोलन के बीच एक कड़ी के रूप में काम करते थे। उनकी एक प्रमुख भूमिका रही है। सीबीआई ने मुझे गिरफ्तार किया। कारसेवकों पर गोली चलने से दो दिन पहले ही मुझे गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि अगर हम विनय कटियार की बात करें, तो अगर वो ऐसा कह रहे हैं कि राम मंदिर के मामले में उनकी उपेक्षा की जा रही है, तो वो बिल्कुल ठीक बोल रहे हैं। देवीपाटन मंडल से जुड़े लोगों का राम मंदिर के आंदोलन में अहम भूमिका रही है। आंदोलन में चाहे धन की जरूरत हो, सेवा की जरूरत हो, सभी ने अपनी तरफ से योगदान दिया। सभी जनपद के लोगों ने राम मंदिर बनाने में अहम योगदान दिया। लेकिन, राम मंदिर बनने के बाद अगर किसी को सजा मिली, तो देवीपाटन के लोगों को ही मिली। बस्ती के लोगों को मिली, आजमगढ़ को लोगों को मिली। ये लोग ऐसे थे, जो हनुमान जी को जल चढ़ाए बिना पानी भी नहीं पीते थे।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इतनी बाधाओं को पैदा किया गया कि आम लोग अयोध्या से पूरी तरह कट गए। जो गरीब स्थानों से जनता का जुड़ाव रहता था, जो साल में फसल कटती थी, उसके गांव में एकत्रित किया जाता था। सभी अनाज को एकत्रित करके उसे मंदिर में अपने गुरू जी के यहां पर पहुंचाते थे। ये सारे बैरियर लोग गए। मैं कहूंगा कि विनय कटियार ने अच्छा सवाल उठाया है ।
उनके मुताबिक, बीजेपी को इसकी वजह से भारी कीमत भी चुकानी पड़ी है। आप लोग देख लीजिए कि इन्हें अयोध्या, बस्ती और अंबेडकर नगर जिलों में हार का मुंह देखना पड़ा। देवीपाटन में कैसे तीन सीटें मिली हैं, आप लोग जानते हैं। आम जनता को अयोध्या से काट दिए गए हैं। आखिर इन रास्तों को क्यों बंद किया गया। आज 53 रास्तों को खोला गया है। 18 पहले खोले गए थे। ये छह सात साल पहले तक क्यों बंद किया गया। 200 रुपये देने के बाद बैरियर खोल दिए जाते थे। इसी वजह से पार्टी को भारी कीमत चुकानी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में विनय कटियार प्रमुख भूमिका के रूप में रहे। लेकिन, अफसोस की बात है कि आज उनसे पास मांगा जा रहा है। हमको तो जाने ही नहीं देंगे। हमसे तो वैसे ही ये लोग काफी नाराज रहते हैं।
इसके अलावा, बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने राम मंदिर चंदे के घपलेबाजी को लेकर भी अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, जितना भी समय लगे, लगने दीजिए लेकिन जांच होनी चाहिए। कोई भी आरोपी बचना नहीं चाहिए। मेरा सीएम योगी से आग्रह है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल, राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम

