भाजपा ने सिंधु जल संधि निलंबित का किया समर्थन, कहा- पाकिस्तान को नहीं, जम्मू-कश्मीर के लोगों को पानी मिलना चाहिए
श्रीनगर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने राज्य का दर्जा बहाल करने और सिंधु जल संधि को निलंबित करने का समर्थन किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के हर शहरी को सिंधु जल संधि का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि जम्मू-कश्मीर का पानी यहां के लोगों के लिए है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमें पानी के बदले दहशतगर्दी देता है। पड़ोसी देश जम्मू-कश्मीर में आतंकी भेजता है।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि कुछ लोग अभी भी पाकिस्तान की वकालत करते हैं, उनकी भी आंखें खुलनी चाहिए। पाकिस्तान हमारे यहां एक तरफ आतंकी भेजकर लोगों को मार रहा है और दूसरी तरफ भारत से पानी भी ले रहा है। पीएम मोदी ने पहले ही कहा कि पानी और खून दोनों एक साथ नहीं बहेगा। पाकिस्तान को भेजा जाने वाला पानी पूरी तरह से बंद होना चाहिए और यह पानी जम्मू-कश्मीर के लोगों को मिलना चाहिए।
इसके अलावा, भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के राज्य का दर्जा बहाल करने के बयान तीखी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि नेशनल कांफ्रेंस लगभग दो साल से सत्ता में है। इस समय के अंतराल में उन्होंने बहुत कुछ देखा है। ये वो लोग हैं जो अपनी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरते हैं। घोषणा पत्र के माध्यम से जो कार्य करना था, वह नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे समय में वह लगातार राज्य का दर्जा देने की बात करते रहे हैं। हालांकि, पीएम मोदी ने अपने बयानों में कहा है कि उचित समय आने पर राज्य का दर्जा दिया जाएगा। जनता नेशनल कांफ्रेंस की नब्ज को समझ चुकी है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सिंधु जल संधि पर उमर अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "आप खून बहाओ, हम पानी पिलाए। जो हमारे नागरिकों, फौजियों, बेगुनाहों का खून बहाने में शर्म महसूस नहीं करते, हम उन्हें पानी पिलाएंगे। पाकिस्तान ने जिस तरह से व्यवहार किया है, सरकार उसका जवाब उचित तरीके से दे रही है।"
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

