Samachar Nama
×

भाजपा ने मध्य प्रदेश से पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया, कांग्रेस ने सवाल उठाए

भाजपा ने मध्य प्रदेश से पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया, कांग्रेस ने सवाल उठाए
भाजपा ने मध्य प्रदेश से पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया, कांग्रेस ने सवाल उठाए

भोपाल, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के फैसले पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। दरअसल, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य तत्कालीन केंद्रीय मंत्री डॉ एल मुरुगन ने मंत्री पद के साथ राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और इस वजह से राज्य में उपचुनाव हो रहा है।

भाजपा ने बुधवार को इस उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाया है। केंद्रीय मंत्री पुरी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस हमलावर है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा का टिकट देना भाजपा के खौफ को उजागर करता है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के बजाय मध्य प्रदेश की सीट का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों और निजी स्वार्थों के लिए किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की इस राजनीति से स्पष्ट है कि वह मध्य प्रदेश को अपने राजनीतिक प्रयोगों की प्रयोगशाला समझती है। प्रदेश की जनता के हितों और सम्मान की अनदेखी कर अपने सियासी समीकरण साधना भाजपा की कार्यशैली बन गई है। क्या भाजपा को मध्य प्रदेश में कोई नेता नहीं मिला? कांग्रेस मध्य प्रदेश को भाजपा की प्रयोगशाला नहीं बनने देगी।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा द्वारा पूरी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा कि इस नाम को सत्ता में शामिल रखने के पीछे की विवशता बता रही है कि कहीं कुछ तो ऐसा जरूर है, जिसने भाजपा की नस दबा रखी है। उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि भाजपा को यह बताना ही चाहिए, पुरी के नाम से जुड़े प्रकरण पर उठे सवालों का जवाब देश को आखिर कब मिलेगा?

उन्होंने प्रदेशवासियों से कहा कि मत के मद में डूबी भाजपा प्रदेश के साथ, आपके वोट का भी खुला अपमान कर रही है। कांग्रेस इसका विरोध करती है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags