भाजपा सांसदों का विपक्ष पर तंज, कहा-'छात्रों के मुद्दों पर केवल राजनीतिक रोटियां सेक रही कांग्रेस'
नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसदों और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसदों ने उनकी आलोचना की। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने संवैधानिक पद पर रहते हुए संविधान की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन नहीं कर रहे हैं और वे लगातार ऐसी राजनीति कर रहे हैं जिससे देश में भ्रम की स्थिति पैदा होती है। कांग्रेस नेता छात्रों के मुद्दों को भी राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। राहुल गांधी का आचरण खतरनाक है, उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग करता हूं।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद तरुण चुघ ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता में इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी है और विपक्ष को छात्रों की वास्तविक समस्याओं की चिंता नहीं है। चुघ ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल छात्रों के मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं और इस बहाने सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।
तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास को निशाना बनाकर किया गया प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह छात्रों की परेशानियों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहा है।
वहीं, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का किसी नेता या अधिकारी का बेटा होना अपराध नहीं है। उन्होंने छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई छात्र परीक्षा में देरी से पहुंचता है तो नियम सभी के लिए समान होने चाहिए।
निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिस तरह से विरोध प्रदर्शन कर रही है, वह देशहित के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पुलिसकर्मियों के घायल होने और कथित रूप से हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह ऐसे लोगों के साथ खड़ी दिखाई दे रही है, जो देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। दुबे ने आपातकाल के दौर का भी जिक्र किया और कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "नीट पेपरलीक की जांच हो रही है और जो लोग दोषी पाए जा रहे हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है। अयोध्या मामले की भी जांच हो रही है और दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। कल, देश के एक बहुत जिम्मेदार नेता, यानी विपक्ष के नेता ने बिना इजाज़त या पहले से जानकारी दिए प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर एक गैर-जिम्मेदाराना हरकत की। यह अनुचित है और कानूनी रूप से इसकी इजाज़त नहीं है।"
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

