Samachar Nama
×

लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकारों को गिरा रही भाजपा: नीरज डांगी

जयपुर, 11 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता नीरज डांगी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस पार्टी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है, क्योंकि अब यह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकारों को गिराने पर आमादा हो चुकी है, जिसे मैं लोकतंत्र के लिहाज से बिल्कुल भी मुनासिब नहीं मानता।
लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकारों को गिरा रही भाजपा: नीरज डांगी

जयपुर, 11 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता नीरज डांगी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस पार्टी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है, क्योंकि अब यह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकारों को गिराने पर आमादा हो चुकी है, जिसे मैं लोकतंत्र के लिहाज से बिल्कुल भी मुनासिब नहीं मानता।

उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी राजनीतिक दलों के सौहार्दपूर्ण रिश्ते रहे और जनता ने जिन लोगों को चुनकर सत्ता में भेजा है, उनके फैसलों को मान्य माना जाए। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से यह देखने को मिल रहा है कि भाजपा की ओर से एक तरफ जहां लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकारों को गिराने की कोशिश की जा रही है, तो वहीं दूसरी तरफ दूसरे दलों से जुड़े राज्यसभा सांसदों को अपने पाले में खींचने की कोशिश की जा रही है। इस तरह की स्थिति को एक लोकतांत्रिक स्थिति में किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

इसके अलावा, कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आज की तारीख में राजस्थान में भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों का आक्रोश अपने चरम पर पहुंच चुका है। आलम यह है कि भाजपा के सीएम और इनके नेता जहां कहीं भी जा रहे हैं, उन्हें लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। गौर करने वाली बात है कि इस तरह की स्थिति महज ढाई साल के बाद ही सूबे में देखने को मिल रहे हैं। सूबे की जनता अब इन्हें पूछने के लिए भी तैयार नहीं है।

साथ ही, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, जब राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी, तब पार्टी के सभी नेताओं ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए इस यात्रा में हिस्सा लिया था। ऐसा करके इन लोगों ने यात्रा को सार्थक बनाने की कोशिश की थी, ताकि धरातल पर स्थिति सकारात्मक होती हुई नजर आए।

कांग्रेस नेता नीरज डांगी के मुताबिक, राजस्थान में हमेशा से ही यह परिपाटी रही है कि पांच साल कांग्रेस तो पांच साल बीजेपी सत्ता में रहेगी। लेकिन, हम इस परिपाटी से बाहर जाकर बात करेंगे। हम बात करेंगे कि कांग्रेस ने अपने पांच साल के शासनकाल में क्या किया, तो बीजेपी ने क्या किया। जब अशोक गहलोत सूबे में सीएम पद की कमान संभाल रहे थे, तब उन्होंने सूबे के लोगों के कल्याण के लिए ऐसी योजनाओं की शुरुआत की थी, जिन्हें अन्य राज्यों की भाजपा की सरकारों ने भी चुराकर अपने यहां लागू किया था। कुल मिलाकर, दोनों ही दलों की सरकारों की कार्य़शैली के बीच के अंतर को देश प्रदेश की जनता भलीभांति समझ रही है।

साथ ही, उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा। उनके मुताबिक, भाजपा आम लोगों को लड़वाने का काम कर रहे हैं। ये लोग तोड़फोड़ की राजनीति कर रहे हैं। ईडी और सीबीआई का सहारा लेकर ये लोग मौजूदा स्थिति को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे है। मेरे संपर्क में खुद भाजपा के कुछ सांसद हैं, जो यह कहते हैं कि शीर्ष नेतृत्व में तालमेल का अभाव है। इस वजह से कामों को करने में कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में आप सहज ही अंदाजा लगा सकते हैं कि ये लोग कैसी सरकार चला रही है। इन लोगों ने राम मंदिर का सहारा लेकर 400 पार का नारा दिया था और पूरी राजनीतिक स्थिति को अपने पक्ष में कनरे की कोशिश की थी। एक पल के लिए हमें भी लगा था कि ये लोग 400 सीटें ले आएंगे। लेकिन, 240 पर ही सिमट गए, आने वाले दिनों में ये सीटें और कम हो जाएंगी। इन लोगों को कुछ भी प्राप्त होने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग छाती ठोककर यह नहीं कह पाएंगे कि हमने देश की जनता के विकास के लिए ये काम किया है। इन लोगों के पास कोई उपलब्धि नहीं है। इन लोगों ने सिर्फ नोटबंदी करके लोगों को परेशान किया था और अब नीट पेपर लीक का मामला प्रकाश में आया है। महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है। ये लोग इसे संभाल नहीं पा रहे हैं। इस सरकार के पास विकास का कोई ठोस खाका नहीं है।

--आईएएनएस

एसएचके/डीकेपी

Share this story

Tags