Samachar Nama
×

भाजपा को राहुल फोबिया हुआ, ज्ञानेश कुमार की चोरी पकड़े जाने से है बेचैनी: राजेश ठाकुर

भाजपा को राहुल फोबिया हुआ, ज्ञानेश कुमार की चोरी पकड़े जाने से है बेचैनी: राजेश ठाकुर
भाजपा को राहुल फोबिया हुआ, ज्ञानेश कुमार की चोरी पकड़े जाने से है बेचैनी: राजेश ठाकुर

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी के बयान और मौजूदा सियासी हालात को लेकर भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी और चुनाव आयोग की गड़बड़ियां उजागर होने के बाद भाजपा में घबराहट है, जिसके चलते केंद्र सरकार से लेकर आरएसएस तक अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर चल रही कार्रवाई के बाद उन्हें अंततः इस्तीफा देना ही पड़ेगा और देशभर में जंतर-मंतर जैसा आंदोलन देखने को मिलेगा।

राजेश ठाकुर ने कहा, "अब यह पता नहीं भारतीय जनता पार्टी के लोगों को इतनी घबराहट और बेचैनी क्यों है। सच पूछिए तो इन सबको राहुल फोबिया हो गया है और सब चोर पकड़े जा रहे हैं। चाहे चुनाव आयोग की बात हो, जब बातें सामने आने लगी हैं तो घबराहट में ये लोग कुछ न कुछ बोलते रहेंगे। इनकी बातों पर तवज्जो देने की ज्यादा जरूरत नहीं है।"

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार की चोरी पकड़ी गई है, उससे ये लोग बेचैन हैं। इसलिए इस तरह की बातें करेंगे। इन्हें यह समझ में नहीं आता कि लोग सत्ता परिवर्तन को लेकर क्या कह रहे हैं। एक शब्द आता है और इनकी घबराहट बढ़ जाती है। अभी कई दिनों तक वो लगातार बोलेंगे, क्योंकि परेशानी बढ़ी है और चोरी पकड़ी गई है। बंगाल और बिहार में किस तरह से वोट चोरी करके सरकार बनाई गई है, यह सब लोगों के सामने है। इसलिए निश्चित रूप से वो इस तरह की बातें करेंगे।

राजेश ठाकुर ने कहा कि ऐसी रिपोर्ट्स समय-समय पर आती रहती हैं। इन संगठनों को रेड-ग्रीन इकोसिस्टम, इस्लामिक और कम्युनिस्ट समूहों से जोड़ने की बातें भी कही जाती हैं लेकिन हम समझते हैं कि रिपोर्ट की सत्यता को समझना आवश्यक है। इस तरह की रिपोर्ट अक्सर तब सामने आती हैं, जब सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन होते हैं। इसलिए लोग इन रिपोर्टों को भी उसी संदर्भ में देखते हैं।

उन्होंने कहा कि जहां तक प्रक्रिया की बात है, चोरी पकड़ी गई है। दोनों चुनाव आयुक्तों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को कठघरे में खड़ा किया और उस संदर्भ में जो भी कार्रवाई आगे बढ़ रही है, उसमें हम इतना ही जानते हैं कि अंततः ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।

आरएसएस के इंद्रेश कुमार के बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि इस तरह की बातें आरएसएस प्रमुख को बता कौन रहा है। उनके खिलाफ शिकायत दर्ज होनी चाहिए। इनको किसने बताया है। ये इस तरह की बातें करके देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं, लेकिन उनके कहने से कुछ नहीं होगा। जन-मुद्दे हैं और उन पर ध्यान देना ही पड़ेगा। आरएसएस की भूमिका को लेकर भी अलग-अलग मत रहे हैं। इसलिए उनके बयानों को लेकर भी सवाल उठते हैं।

उन्होंने कहा कि उस पर बहुत ज्यादा तवज्जो देने की जरूरत नहीं है। हर जगह लोग आंदोलनों को लेकर आगे आ रहे हैं। आज से नहीं, बल्कि हम लोग पिछले लगभग एक वर्ष से लगातार सड़कों पर मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। अब समय आ गया है कि सत्ता पक्ष के लोग भी अपने आप सड़कों पर आएंगे। हर जगह जंतर-मंतर जैसा माहौल देखने को मिलेगा।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story