Samachar Nama
×

भाजपा की शह पर पूरे देश में इस समय सांसद-विधायक तोड़े जा रहे: अनुराग ढांडा

रोहतक, 23 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने दावा किया कि भाजपा देश में सांसदों के खरीद फरोख्त में लगी है और दो तिहाई बहुमत हासिल कर बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान बदलना चाहती है। आप नेता का बयान उस वक्त आया है, जब महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे (यूबीटी) के बागी सांसद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए।
भाजपा की शह पर पूरे देश में इस समय सांसद-विधायक तोड़े जा रहे: अनुराग ढांडा

रोहतक, 23 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने दावा किया कि भाजपा देश में सांसदों के खरीद फरोख्त में लगी है और दो तिहाई बहुमत हासिल कर बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान बदलना चाहती है। आप नेता का बयान उस वक्त आया है, जब महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे (यूबीटी) के बागी सांसद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए।

रोहतक में आईएएनएस से बातचीत में आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा की शह पर पूरे देश में इस समय सांसद-विधायक तोड़े जा रहे हैं। इसका सिर्फ एक कारण है कि भाजपा का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं बचा है। भाजपा को समझ आ गया है कि लोगों में भारी नाराजगी है और उनकी सरकार जाने वाली है। इस नाराजगी को उनके सांसद और विधायक झेल नहीं पाएंगे, इसलिए वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को छोड़कर अलोकतांत्रिक तरीके से सांसदों-विधायकों को खरीदकर दो तिहाई बहुमत बनाना चाहते हैं, ताकि वह बाबा साहेब का संविधान बदल सकें, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।

सांसदों के खरीद फरोख्त और पंजाब चुनाव का जिक्र करते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि हमारा डर बहुत पहले निकल चुका है। हम शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब के मानने वाले लोग हैं। हमारी पूरी लीडरशिप को यह जेल में डाल चुके हैं तो डर किस बात का है। अब क्या करेंगे, फांसी चढ़ाएंगे, गोली मारेंगे। चीन की तरह चौराहे पर खड़ा करके गोली मारेंगे, ठीक है। हम इसके लिए भी तैयार हैं, लेकिन इनके सामने झुकेंगे नहीं। संघर्ष करने वाले लोग कभी इन डरपोक लोगों के सामने न आजादी के संघर्ष में झुके और न अब झुकेंगे। यह हमेशा होता आया है कि क्रांतिकारियों की टोली में एक-दो गद्दार होते हैं; गद्दार निकल गए हैं। इससे क्रांतिकारियों की टोली और अधिक मजबूत हुई है।

टीएमसी के बागी सांसदों का एनडीए को समर्थन दिए जाने पर आप नेता ने कहा कि टीएमसी के सांसद टूटकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में गए है, लेकिन वहां जाने के लिए भाजपा के मंत्री के यहां मीटिंग हो रही थी। टीएमसी के 20 सांसद जिस पार्टी में गए हैं, उसके खाते में इस समय केवल 75 रुपए हैं। मतलब उस पार्टी ने अगर सांसदों की मीटिंग भी बुला ली तो चाय पिलाने के लिए भी पैसे नहीं हैं। इसीलिए, वे सांसद किसे बेवकूफ बना रहे हैं। पूरे देश को मालूम है यह तोड़फोड़ भाजपा ब्लैकमनी के सहारे, ईडी-सीबीआई के सहारे कर रही है। चूंकि अभी टीएमसी को हराकर आए थे, अगर उनके सभी सांसदों को यह अपने दल में ले लेंगे तो विद्रोह नहीं हो जाएगा। बंगाल में इनकी ही पार्टी के लोग विरोध का झंडा नहीं उठा लेंगे कि जिन्हें हराया, उन्होंने ही भाजपा पर कब्जा कर लिया। इसलिए लोगों के डर के कारण रास्ते निकाल लिए हैं, बाकि भाजपा ही पूरे देश में सांसदों की तोड़फोड़ कर रही है।

उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर नियंत्रण लगाने के फैसले पर कहा कि मिडिल क्लास परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चों के प्राइवेट स्कूलों की फीस भरना होता है। जिस तरह से अंधाधुन प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ाई जा रही है। फीस भरना मुश्किल है। जब तक दिल्ली में हमारी सरकार रही तब तक प्राइवेट स्कूलों की मनमर्जी फीस पर लगाम लगी रही। मिडिल क्लास को राहत थी, यही काम पंजाब में हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि सरकारी स्कूलों को तो हमने शानदार बना ही दिया है, वहां केरल को भी हमने पछाड़ दिया है, लेकिन ऐसा नहीं कि वहां प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के परिवार को लुटने दिया जाए। वहां एक लिमिट तय की है कि 5 प्रतिशत से अधिक स्कूल की फीस नहीं बढ़ाई जाएगी। कैबिनेट में प्रस्ताव पास हो गया है।

हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए आप नेता ने कहा कि हरियाणा और पंजाब को आप स्कूल एजुकेशन में कंपेयर करेंगे तो सरकारी स्कूल एजुकेशन में पंजाब पूरे देश में नंबर वन पर है और हरियाणा 14वें नंबर पर आता है, बहुत पीछे की स्थिति में है। हरियाणा में तो एजुकेशन व्यवस्था का बुरा हाल है। हरियाणा के अंदर प्राइवेट स्कूलों का लूट तंत्र चल रहा है। हर साल 20-30-40 प्रतिशत तक फीस बढ़ाई जाती है। कई स्कूलों में डेढ़ गुना कर दी गई लेकिन कोई पूछने वाला नहीं है क्योंकि पूरी सरकार इस प्राइवेट स्कूल माफिया के साथ मिली हुई है। इनसे पैसे लेते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के स्कूलों के अंदर शेयर हैं। इसलिए प्राइवेट स्कूल मनमाने तरीके से हरियाणा के अंदर फीस बढ़ा रहे हैं और आम परिवारों को, मिडिल क्लास परिवारों को लूटने के लिए छोड़ दिया गया है। सरकार सुनती तक नहीं। किसी की शिकायतें हैं, लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story

Tags