Samachar Nama
×

भाजपा के वरिष्ठ नेता रामचंद्र गौड़ का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

भाजपा के वरिष्ठ नेता रामचंद्र गौड़ का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
भाजपा के वरिष्ठ नेता रामचंद्र गौड़ का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री रामचंद्र गौड़ा का निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार को 88 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र गौड़ा के निधन से गहरा दुख हुआ है। कर्नाटक में हमारी पार्टी के एक मजबूत स्तंभ के तौर पर उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कई पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं का साथ देने में अपना जीवन समर्पित कर दिया।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कॉरपोरेटर, एमएलसी या मंत्री- किसी भी भूमिका में, उनका सार्वजनिक जीवन अटूट निष्ठा और समर्पित सेवा का उदाहरण रहा। उनके परिवार, समर्थकों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।

केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने भी रामचंद्र गौड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें एक अनुभवी नेता बताया।

शोभा करंदलाजे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मुझे रामचंद्र गौड़ के निधन से दुख हुआ है। उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक राष्ट्रवादी आंदोलन के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने पूरे कर्नाटक का दौरा किया, युवा कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया, लगभग तीन दशकों तक बेंगलुरु ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवा की।

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी, जनसेवा और राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उनके परिवार और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags