Samachar Nama
×

भाजपा के सामने झुकने वाले सांसदों ने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की: मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कई सांसदों के साथ पार्टी का दामन छोड़कर आप को बड़ा झटका दिया है। चड्डा के इस फैसले पर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
भाजपा के सामने झुकने वाले सांसदों ने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की: मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कई सांसदों के साथ पार्टी का दामन छोड़कर आप को बड़ा झटका दिया है। चड्डा के इस फैसले पर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने एक्स पोस्ट में लिखा, "तीन दिन से गुजरात में हूं, जिस समय गुजरात में हजारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, सारे खतरे और भाजपा की धमकियां झेलकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए खून-पसीना बहा रहे हैं, उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई का सौदा कर लिया।"

सिसोदिया ने आगे कहा, "जो राज्यसभा सदस्य आज भाजपा के सामने झुक गए, अपनी निजी मजबूरियों, डर और लालच के कारण जिन्होंने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की है, उन्हें पता होना चाहिए कि पंजाब गद्दारों को कभी माफ नहीं करता है।"

पार्टी की पंजाब इकाई के महासचिव बलतेज पन्नू ने कहा कि केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी को कमजोर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का सुनियोजित तरीके से इस्तेमाल कर रही है और इसके लिए वह पार्टी में दलबदल करवा रही है। उन्होंने अमित शाह के नेतृत्व वाली भाजपा की केंद्रीय लीडरशिप पर इस योजना को अंजाम देने के लिए राघव चड्ढा को एक औजार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 'ऑपरेशन लोटस', घटिया राजनीति का खेल और पंजाब सरकार के अच्छे कामों को रोकने का षड्यंत्र है। आज आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सात सांसद तोड़कर भाजपा में शामिल किए गए। इन सातों नामों को पंजाब की जनता को याद रखना चाहिए। पंजाब की जनता इन लोगों को माफ नहीं करेगी। राघव चड्डा को पार्टी ने विधायक और सांसद बनाया। पंजाब की जनता ने प्यार देकर राज्यसभा में पहुंचाया। अब भाजपा की गोद में जा बैठे।

उन्होंने भाजपा पर आजादी के बाद देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में संगठित भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। ऐसे में भाजपा में जाकर कोई देश की आवाज को कैसे उठाएगा। भाजपा पंजाब के लोगों को धोखा देने और भगवंत मान सरकार के जनहितैषी कामों को रोकने के लिए 'ऑपरेशन लोटस' चला रही है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags