Samachar Nama
×

भाजपा चलाएगी 'सेवा दूत अभियान', हरीश द्विवेदी को बनाया गया है संयोजक

भाजपा चलाएगी 'सेवा दूत अभियान', हरीश द्विवेदी को बनाया गया है संयोजक
भाजपा चलाएगी 'सेवा दूत अभियान', हरीश द्विवेदी को बनाया गया है संयोजक

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरा होने के मौके पर भाजपा देशभर में 'सेवा दूत अभियान' चलाएगी। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा।

'सेवा दूत अभियान' भाजपा द्वारा चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क और आउटरीच अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अभियान के तहत पार्टी के बड़े नेता विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों तक प्रवास करेंगे। प्रवास करके वे जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं का हाल जानेंगे। सीधे जनता के बीच रहकर संवाद किया जाएगा और उनकी नब्ज टटोली जाएगी।

अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता और विशेष रूप से नियुक्त 'सेवा दूत' विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों, गांवों और वार्डों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।

सेवा दूत यह सुनिश्चित करेंगे कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं और जो लोग वंचित रह गए हैं, उनका नामांकन (पंजीकरण) कराने में मदद करेंगे।

कार्यकर्ता लोगों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को एकत्र करेंगे, ताकि उन्हें प्रशासन और सरकार तक पहुंचाकर समस्याओं का समाधान और सुझावों पर अमल किया जा सके।

इस अभियान में चुनावी राज्यों पर विशेष फोकस रहेगा। यूपी, पंजाब समेत अन्य चुनावी राज्यों में बड़े नेताओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को इस अभियान का संयोजक बनाया गया है।

कई राज्यों में इस अभियान की तैयारियों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। उदाहरण के लिए, बिहार, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र में तैयारियां तेज हैं। जम्मू-कश्मीर में सेवा दूतों को उनके गृह जिलों से बाहर के विधानसभा क्षेत्रों में तैनात करने और प्रत्येक मंडल में कम से कम पांच दिन बिताने की योजना बनाई गई है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story