भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर, संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई से 30 मई तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद करने और राज्य की राजनीतिक व संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक उनका यह दौरा संगठनात्मक बैठकों, जनसंवाद, आध्यात्मिक कार्यक्रमों और युवा संवाद जैसे कई अहम आयोजनों से भरा रहेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार की शाम देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे बलबीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय जाएंगे। रास्ते में कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद वह सबसे पहले भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक करेंगे और फिर राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ चर्चा करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को नितिन नवीन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 9:45 बजे वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के वसंत विहार स्थित आवास पर जाकर उनके परिजनों से मिलेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
सुबह 11 बजे से राष्ट्रीय अध्यक्ष लगातार कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। वह भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकों में संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। स्थानीय निकायों से जुड़े भाजपा जनप्रतिनिधियों के साथ भी वह संवाद करेंगे।
शाम 6:15 बजे नितिन नवीन ऋषिकेश में मां गंगा आरती में शामिल होंगे। इसके बाद वह परमार्थ निकेतन पहुंचकर संत समाज और साधु-संतों से संवाद करेंगे। भाजपा इस दौरे को संगठन और सांस्कृतिक जुड़ाव दोनों के लिहाज से अहम मान रही है।
शनिवार को सुबह 8:10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर कॉलोनी में बूथ नंबर 141 के बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के घर जाएंगे और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। फिर डकरा बाजार में बूथ नंबर 138 के बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर पहुंचकर शहीद दुर्गामल्ल मंडल की बूथ समिति की बैठक में शामिल होंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे वह शिग्नीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में 'विकसित भारत 2047 : उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका' विषय पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय मुख्यसेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत करेंगे और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा करेंगे।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी

