भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का जम्मू दौरा, सतपाल शर्मा बोले- 'कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह'
जम्मू, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे। उनके दो दिवसीय दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ वह पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला जम्मू दौरा है। इसे लेकर संगठन में हर स्तर पर उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम स्थल कार्यकर्ताओं से पूरी तरह भरा हुआ था, जहां प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था। भाजपा हर वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से लेकर उनकी जयंती तक पखवाड़ा मनाती है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने और संगठनात्मक बैठकों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्मू पहुंचे हैं। पार्टी आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। इस दौरे के बाद चुनावी अभियान को नई गति मिलेगी।
उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि वह मंगलवार को जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्यों, ब्लॉक विकास परिषद (बीडीसी) सदस्यों, पूर्व विधायकों, पूर्व विधान परिषद सदस्यों, वर्तमान विधायकों और सांसदों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें संगठन विस्तार और राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श होगा।
भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने नितिन नवीन के दौरे को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कम उम्र में भी उनके पास लंबा राजनीतिक अनुभव है। एक कार्यकर्ता से लेकर प्रशासक तक की उनकी यात्रा उन्हें एक मजबूत संगठनात्मक नेता बनाती है। मंदिरों के शहर जम्मू में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने डॉ. मुखर्जी को भारत और जम्मू-कश्मीर की एकता एवं अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाला महान व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि इस अवसर ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि यह भाजपा के लिए खुशी की बात है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने शुरुआती दौरों में जम्मू-कश्मीर को प्राथमिकता दी है। दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर में रहकर राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन के हर स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का भी आकलन करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी जैसे दल अलगाववाद, आतंकवाद और जिहादी सोच को महिमामंडित करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा और संगठनात्मक बैठकें विशेष महत्व रखती हैं। अलगाववादी नेताओं के महिमामंडन और उस पर हुई कार्रवाई के संबंध में पूछे गए सवाल पर निर्मल सिंह ने कहा कि उपराज्यपाल द्वारा की गई कार्रवाई स्वागतयोग्य है। इस मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी और उन्हें कानून के तहत जेल भेजा जाएगा। आतंकवाद और अलगाववाद के प्रति भाजपा की 'जीरो टॉलरेंस' की नीति है। जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दशकों के दौरान हजारों लोगों की जान अलगाववादी और आतंकवादी हिंसा में गई है, इसलिए ऐसी किसी भी विचारधारा या गतिविधि को बढ़ावा देना स्वीकार्य नहीं हो सकता।
निर्मल सिंह ने आगे कहा कि महाराजा हरि सिंह द्वारा 26 अक्टूबर 1947 को जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय के बाद राज्य की एकता और अखंडता पर सवाल उठाने वाली किसी भी सोच को बढ़ावा देना देशहित के खिलाफ है और भाजपा इसका हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम

