Samachar Nama
×

बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यपाल-सीएम ने दी शुभकामनाएं, समृद्ध और न्यायपूर्ण झारखंड बनाने का संकल्प दोहराया

बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यपाल-सीएम ने दी शुभकामनाएं, समृद्ध और न्यायपूर्ण झारखंड बनाने का संकल्प दोहराया
बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यपाल-सीएम ने दी शुभकामनाएं, समृद्ध और न्यायपूर्ण झारखंड बनाने का संकल्प दोहराया

रांची, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। दोनों ने भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानियों और आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके सपनों का राज्य बनाने का आह्वान किया।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण सदैव लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राज्य स्थापना दिवस पर अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अनुपम प्राकृतिक संपदा और गौरवशाली परंपराओं से परिपूर्ण झारखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़े। राज्य समृद्धि और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करे, यही उनकी कामना है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी राज्यवासियों को बधाई और जोहार कहा। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस राज्य के लिए गौरव, स्वाभिमान और संकल्प का दिन है। यह अवसर उन अमर शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन, हक-अधिकार और अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, वीर बुधू भगत, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी, पांडेय गणपत राय और टिकैत उमराव सिंह सहित झारखंड के महान वीरों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो और विनोद बिहारी महतो सहित सभी आंदोलनकारियों के योगदान को भी याद किया। हेमंत सोरेन ने कहा कि अलग झारखंड राज्य का सपना कई क्रांतिकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद पूरा हुआ। पुरखों के सपनों के अनुरूप राज्य का विकास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने के साथ सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं, किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को झारखंड की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उनके सपने, प्रतिभा और नई सोच राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी ऊर्जा को राज्य की समृद्धि से जोड़ना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजते हुए एक सशक्त, समृद्ध और न्यायपूर्ण झारखंड के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story