Samachar Nama
×

बिपाशा बसु का दमदार कमबैक, हंसल मेहता की 'बाराबंकी' में आएंगी नजर

बिपाशा बसु का दमदार कमबैक, हंसल मेहता की 'बाराबंकी' में आएंगी नजर
बिपाशा बसु का दमदार कमबैक, हंसल मेहता की 'बाराबंकी' में आएंगी नजर

मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री बिपाशा बसु 6 साल बाद वेब सीरीज 'बाराबंकी' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है।

इस सीरीज का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर हंसल मेहता कर रहे हैं। इसे 'अल्माटी मोशन पिक्चर्स' के बैनर तले प्रभलीन संधू (कौर) द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ द्वारा लिखित सीरीज में बिपाशा बसु के साथ सनी कौशल और विशाल जेठवा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।

यह सीरीज पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक लाल की किताब 'द बाराबंकी नार्कोस: बस्टिंग इंडियाज मोस्ट नोटोरियस ड्रग कार्टेल' पर आधारित है। कहानी 1984 के बैकड्रॉप पर सेट है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में फैले एक बड़े अफीम/ड्रग्स तस्करी नेटवर्क और उसे खत्म करने के पुलिस ऑपरेशन को दिखाएगी। इस सीरीज में बिपाशा बसु एक बिल्कुल अलग और अनोखे लुक में दिखाई देंगी।

अभिनेत्री बिपाशा बसु की बात करें तो उन्हें आखिरी बार साल 2020 में आई वेब सीरीज 'डेंजरस' में देखा गया था। इसमें उन्होंने अपने पति करण सिंह ग्रोवर के साथ काम किया था। भूषण पटेल द्वारा निर्देशित सीरीज में बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर के अलावा, सोनाली राउत, नताशा सूरी, सुयश राय और नितिन अरोरा अहम भूमिका में नजर आए थे।

इसकी कहानी लंदन में रहने वाले एक युवा व्यवसायी आदित्य धनराज (करण सिंह ग्रोवर) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी पत्नी दिया (सोनाली राउत) अचानक गायब हो जाती है। आदित्य जब पुलिस की मदद से अपनी पत्नी की तलाश शुरू करते हैं, तो उन्हें पता चलता है कि इस केस की जांच अधिकारी नेहा सिंह (बिपाशा बसु) हैं, जो आदित्य की एक्स-गर्लफ्रेंड (पूर्व प्रेमिका) रह चुकी हैं। जांच आगे बढ़ने पर यह गुमशुदगी अपहरण और फिरौती के मामले में बदल जाती है, साथ ही इसमें बिजनेस की प्रतिद्वंद्विता और कई छिपे हुए रहस्य सामने आते हैं।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story