बिलकिस बानो केस में दो दोषियों की जमानत पर भड़के नसीम सिद्दीकी, सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बताया अन्यायपूर्ण
मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने को सरासर अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि कानून पहले अंधा था, जब उस पर पट्टियां थी, लेकिन भारत के मुख्य न्यायाधीश ने उस पट्टी को खोलने का आदेश दिया। अब कानून बराबर देखता है कि दुष्कर्म अब्दुल की बेटी के साथ हुआ है या रामप्रसाद की बेटी के साथ। शायद इसीलिए इस प्रकार का फैसला सुप्रीम कोर्ट से आया है।
नसीम सिद्दीकी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "यह सरासर अन्याय है। जिस तरह से एक महिला के साथ बर्बरता की गई, उसकी आंखों के सामने उसके परिवार के आठ सदस्यों की हत्या कर दी गई, उसके तीन बच्चों को मार डाला गया और उसके साथ सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) किया गया। ऐसे में, चाहे सजा 17 साल की हो या 70 साल की, ऐसे लोगों को तो फांसी की सजा मिलनी चाहिए थी अगर उन्हें फांसी नहीं दी गई, तो कम से कम उन्हें ताउम्र जेल में ही रखा जाना चाहिए, ताकि वे दोबारा किसी बेटी का बलात्कार न कर सकें और न ही उसकी हत्या कर सकें।"
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की प्रकाशित पुस्तक में अपनी सास से डरने का जिक्र किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नसीम सिद्दीकी ने कहा, "हर बहू को अपनी सास से डरना चाहिए, क्योंकि सास भी कभी बहू रही होती है। इस तरह से परिवार भी ठीक से चलता है और कोई कलह नहीं होती। इससे पता चलता है कि सोनिया बहुत ही संस्कारी पृष्ठभूमि वाली बहू थीं और उनका डरना भी जायज था। इसलिए जिस व्यक्ति में एक बहू के रूप में रहने का अनुशासन है, जब उस पर देश चलाने की जिम्मेदारी आती है, तो वह उसी अनुशासन और ईमानदारी के साथ देश को भी संभालेगी।"
नसीम सिद्दीकी ने अजीत पवार की मौत की जांच को लेकर कहा, "सीआईडी भी भाजपा की है, सीबीआई भी भाजपा की है, ईडी भी भाजपा की है और इनकम टैक्स भी। मुझे लगता है कि अजीत दादा का निधन, उनकी आकस्मिक मृत्यु बहुत दुखद है और यह महाराष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है, लेकिन उनकी पत्नी सुनेत्रा पवारने कई बार स्पष्ट किया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की है, मुख्यमंत्री से मिली हैं, सीबीआई से बात की है और मुंबई प्रशासन से भी बात की है।"
समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की टिप्पणियों पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि श्रीकृष्ण का आशीर्वाद समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ है। भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए केशव प्रसाद मौर्या की जरूरत नहीं है। अखिलेश यादव का परिवार कृष्ण का भक्त रहा है। ये कृष्ण के वंशज हैं और वंशज को किसी बाहरी लोगों के आशीर्वाद की जरूरत नहीं होती। केशव प्रसाद मौर्या इस तरह की बातें अखिलेश यादव को लेकर न करें तो बेहतर रहेगा।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

