बिलासपुर: दो गुटों के हिंसक झड़प मामले में हिस्ट्रीशीटर सुहैल खान समेत 20 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, 2 सितंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रक्षाबंधन के दिन देर रात दो गुटों के बीच हुए हिंसक विवाद, बवाल और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर सुहैल खान भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल सुहैल खान गुट के 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि रामसिंह गुट के 3 आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कट्टा, पिस्टल समेत कई घातक हथियार बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के दिन देर रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और पथराव में बदल गया। घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि 29 अगस्त की रात बिलासपुर में दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद बवाल बढ़ गया और खूब पथराव हुआ। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ कंट्रोल की थी। इसके बाद इस विवाद में शामिल लोगों की पहचान और उनकी तलाश शुरू हुई।
इस घटना का मास्टरमाइंड या मुख्य आरोपी सुहैल खान को माना जा रहा है। अब तक वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सोहेल खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दे रही थीं। पुलिस ने उसके परिजनों से भी पूछताछ की थी। अब वह भी पुलिस के कब्जे में है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

