बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार; चोरी की 10 गाड़ियां और अवैध हथियार बरामद
नोएडा, 5 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा में फेस-3 थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी, यानी कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से .315 बोर का एक तमंचा और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 4 सितंबर को बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। फेस-3 थाने की पुलिस ने आरोपी वंश पुत्र प्रमोद को नोएडा के सेक्टर-71 स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दोपहिया वाहन चोरी करने वाला आरोपी चोरी की गाड़ियों के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी करता था। वह ऐसे स्थानों को चिन्हित करता था, जहां आम लोगों की आवाजाही कम रहती थी। इसके बाद मौका देखकर वहां खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेता था। चोरी किए गए वाहनों को वह किसी सुनसान स्थान पर एकत्रित करता था, ताकि पुलिस या आम लोगों की नजर उन पर न पड़े।
पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के वाहनों को राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच देता था। वह खरीदारों को अपनी मजबूरी बताकर सस्ते दामों में वाहन बेचता था। इन वाहनों को बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वह अपने निजी खर्च और शौक-मौज में करता था। आरोपी आमजन को डराने-धमकाने के लिए अपने पास अवैध हथियार भी रखता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और चोरी के माल से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना फेस-3, थाना सेक्टर-58 और थाना फेस-1 में कुल 12 मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में थाना सेक्टर-58 में लूट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 में भी चोरी, चोरी का माल रखने/खपाने, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज हुए। वर्ष 2026 में भी आरोपी के खिलाफ थाना फेस-3 में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। थाना फेस-3 पुलिस की कार्रवाई में कुल 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें 9 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा और दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने वाहनों को चोरी कर बेचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंश पुत्र प्रमोद, निवासी पुरैनी मोहल्ला, महारथपुर नगीना, बिजनौर के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता ममूरा, सेक्टर-66, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

