Samachar Nama
×

पावर कट के बीच 'संकटमोचक' बनी हरियाणा पुलिस, हड़ताल के बीच बहाल कराई बिजली आपूर्ति

पावर कट के बीच 'संकटमोचक' बनी हरियाणा पुलिस, हड़ताल के बीच बहाल कराई बिजली आपूर्ति
पावर कट के बीच 'संकटमोचक' बनी हरियाणा पुलिस, हड़ताल के बीच बहाल कराई बिजली आपूर्ति

चंडीगढ़, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पैदा हुए बिजली संकट के बीच हरियाणा पुलिस संकटमोचक बनकर सामने आई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने में अहम भूमिका निभाई है।

हरियाणा पुलिस के पीआरओ के अनुसार, पुलिस ने सेवानिवृत्त बिजली कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों और अन्य तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से बिजली के फॉल्ट ठीक करवाने और आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

कैथल जिले में बलीयर कलां 66 केवी स्टेशन के 4 में से 3 फीडर चालू कराए गए। वहीं, रेवाड़ी में हरियाणा पुलिस की तत्परता से 20 से अधिक बिजली फीडर चालू कराकर 100 से अधिक गांवों को राहत पहुंचाई गई। पानीपत में भी बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए पुलिस ने तेजी से प्रयास किए।

हिसार में थाना आदमपुर पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर थाना सहित आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल करवाई। इसके अलावा, महावीर कॉलोनी में वाटर वर्क्स का जनरेटर ठीक करवाकर पेयजल आपूर्ति भी शुरू कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।

करनाल जिले में बिजली प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए विभिन्न पावर हाउसों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही थाना असंध, थाना निसिंग और चौकी सदर बाजार की पुलिस टीमों ने बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक समन्वय कर आमजन को राहत पहुंचाने में सहयोग किया।

हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "बिजली संकट के बीच हरियाणा पुलिस संकटमोचक बनी। कैथल में 3 फीडर, रेवाड़ी में 20 से अधिक बिजली फीडर चालू कराए गए। हिसार में बिजली आपूर्ति बहाल करने के साथ महावीर कॉलोनी में पेयजल सप्लाई भी शुरू कराई गई। करनाल में पावर हाउसों की सुरक्षा के साथ बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में सहयोग किया जा रहा है। कानून-व्यवस्था के साथ जनसेवा के लिए भी हरियाणा पुलिस 24×7 तत्पर है।"

हरियाणा पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन को राहत पहुंचाने के लिए हरियाणा पुलिस 24×7 तत्पर है और बिजली संकट के इस दौर में हर संभव मदद जारी रहेगी।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story