Samachar Nama
×

बिहार विधान परिषद चुनाव: शिक्षक सीटों पर नए चेहरों की जीत, जन सुराज ने खाता खोला, कांग्रेस का सफाया

बिहार विधान परिषद चुनाव: शिक्षक सीटों पर नए चेहरों की जीत, जन सुराज ने खाता खोला, कांग्रेस का सफाया
बिहार विधान परिषद चुनाव: शिक्षक सीटों पर नए चेहरों की जीत, जन सुराज ने खाता खोला, कांग्रेस का सफाया

पटना, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को हुए चुनाव के सभी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक-एक सीट मिली। जन सुराज पार्टी ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज कर विधान परिषद चुनाव में अपना खाता खोला। वहीं, दो निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे। इस चुनाव में सबसे अधिक चर्चा जन सुराज की जीत को लेकर हो रही है।

पार्टी ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के राजनीतिक क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इससे पहले जन सुराज ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव जीतकर विधानसभा में अपना खाता खोला था। अब विधान परिषद चुनाव में भी पार्टी ने जीत दर्ज की है। दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन झा को पराजित किया। इस जीत के साथ जन सुराज ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है।

विधान परिषद चुनाव में चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में नए उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद नवल किशोर यादव को हराकर बड़ा उलटफेर किया। नवल किशोर यादव इस क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके थे। वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी हुए। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जदयू के आनंद पुष्कर को पराजित किया। इस तरह शिक्षक सीटों पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा और प्रमुख दलों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी ताकत दिखाई।

इसके विपरीत, चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं ने पुराने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा जताया। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार ने राजद के दिलीप कुमार को हराकर जीत दर्ज की। जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने जदयू के अभिषेक झा को पराजित किया। ब्रजवासी की यह लगातार दूसरी जीत है, जबकि अभिषेक झा को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा।

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के सर्वेश कुमार ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की। वहीं, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव लगातार तीसरी बार विजयी हुए। इस प्रकार स्नातक सीटों पर पुराने प्रतिनिधियों ने अपना प्रभाव बनाए रखा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधान परिषद चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग संदेशों में विजयी प्रत्याशियों के सफल कार्यकाल की कामना की। मुख्यमंत्री ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार की जीत को मतदाताओं के एनडीए के प्रति विश्वास और जनसमर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने कोसी स्नातक से भाजपा के डॉ. एनके यादव और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र सिंह की जीत पर भी बधाई दी।

सीएम सम्राट चौधरी ने तिरहुत स्नातक क्षेत्र से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी, दरभंगा शिक्षक क्षेत्र से जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय, सारण शिक्षक क्षेत्र से निर्दलीय राहुल राज और पटना शिक्षक क्षेत्र से राजद के डॉ. संजीव कुमार को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्वाचित विधान पार्षद शिक्षकों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और शिक्षा के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से काम करेंगे। आठ सीटों के परिणाम ने बिहार की राजनीतिक तस्वीर में विविधता को रेखांकित किया है।

भाजपा ने तीन सीटों के साथ सबसे अधिक सफलता हासिल की, जबकि जन सुराज ने शिक्षक सीट जीतकर विधान परिषद में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत ने भी इस चुनाव को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags