Samachar Nama
×

बिहार विधान परिषद चुनाव में भी उम्मीदवार को लेकर विपक्ष में फंसा पेंच, एआईएमआईएम ने एक सीट पर दावा ठोंका

पटना, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद के होने वाले चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने एक सीट पर दावा ठोंक दिया है। एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने मंगलवार को कहा कि हमने राज्यसभा चुनाव में बतौर विपक्ष तेजस्वी यादव के उम्मीदवार का समर्थन किया था, ऐसे में अब विधान परिषद में उन्हें एआईएमआईएम का समर्थन करना चाहिए।

पटना में मंगलवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के समय भी मेरी पार्टी एक सीट चाहती थी, लेकिन उस समय तेजस्वी यादव ने आगे मौका देने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के समय वह सीट हम चाहते थे, लेकिन तेजस्वी यादव ने कहा था कि आगे आप लोगों के लिए देखा जाएगा। अब तेजस्वी यादव को अपना वादा पूरा करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वे इस मसले को लेकर उनसे बातचीत करेंगे, क्योंकि आगे और भी चुनाव होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास इतनी संख्या नहीं है, इस कारण हमें सहयोग की जरूरत है। विधानपरिषद की नौ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को होंगे। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा।

बिहार एआईएमआईएम के पांच विधायक हैं। महागठबंधन के पास बिहार विधानसभा में 35 विधायक हैं, जिससे वह 10 विधान परिषद सीटों में से एक सीट आसानी से जीत सकता है। हालांकि, दूसरी सीट पर उसकी संभावनाएं एआईएमआईएम और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायकों के समर्थन के बाद ही होगी।

243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के पास करीब 202 विधायक हैं। मौजूदा समीकरणों के अनुसार, एक सीट जीतने के लिए लगभग 25 विधायकों का समर्थन पर्याप्त माना जा रहा है। ऐसे में एनडीए के लिए 8 सीटों का रास्ता लगभग साफ दिखाई देता है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags