Samachar Nama
×

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों का किया ऐलान

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों का किया ऐलान
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों का किया ऐलान

पटना, 20 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज ने रविवार को पांच सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने पटना में उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया।

जनसुराज की ओर से दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने इससे पहले सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी के संकेत दिए थे। इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल ने 11 सितंबर को आठ में से छह सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा की थी।

राजद ने पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया है। दो सीटों दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक पर राजद ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की कुल आठ सीटों के लिए चुनाव होना है।

इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इनमें पटना, दरभंगा, सारण और तिरहुत की शिक्षक तथा पटना, दरभंगा, कोसी और तिरहुत की स्नातक सीटें शामिल हैं। जन सुराज के मैदान में उतरने से इन सीटों पर मुकाबला और बहुकोणीय होने की संभावना है। वहीं, एनडीए की ओर से भाजपा और जदयू समर्थित उम्मीदवारों के मैदान में आने की तैयारी है।

दूसरी ओर, महागठबंधन में राजद के अलावा कांग्रेस और वाम दलों की ओर से भी अलग-अलग सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने से सीटों के तालमेल का मुद्दा महत्वपूर्ण हो गया है। ऐसे में आठ विधान परिषद सीटों के चुनाव में कई निर्वाचन क्षेत्रों में एक से अधिक प्रमुख राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के आमने-सामने आने की स्थिति बन रही है। जन सुराज के पांच उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब शेष सीटों पर उसके उम्मीदवारों तथा एनडीए और अन्य दलों की अंतिम सूची पर नजर रहेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Share this story