Samachar Nama
×

बिहार विधान परिषद चुनाव: जन सुराज ने जारी की तीन उम्मीदवारों की लिस्ट, पटना स्नातक से अनुज सिंह को टिकट

बिहार विधान परिषद चुनाव: जन सुराज ने जारी की तीन उम्मीदवारों की लिस्ट, पटना स्नातक से अनुज सिंह को टिकट
बिहार विधान परिषद चुनाव: जन सुराज ने जारी की तीन उम्मीदवारों की लिस्ट, पटना स्नातक से अनुज सिंह को टिकट

पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया।

खास बात यह है कि डॉ. अनुज सिंह को जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है। ऐसे में पटना स्नातक सीट पर मुकाबला राजनीतिक रूप से खासा चर्चित हो गया है। जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार भारती की ओर से जारी सूची में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा के नाम की घोषणा की गई है।

इससे पहले जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को प्रत्याशी बनाया था। इस तरह पार्टी ने अब सभी आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं।

पटना स्नातक सीट पर डॉ. अनुज सिंह की उम्मीदवारी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि जदयू ने इस सीट से मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। जदयू ने बुधवार को चार सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी। पार्टी की सूची के अनुसार, पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय उम्मीदवार होंगे।

वहीं, राजद इससे पहले आठ में से छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुका है। पार्टी ने पटना शिक्षक से संजीव कुमार सिंह, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा और तिरहुत स्नातक से रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया है।

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। स्नातक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी तथा शिक्षक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags