Samachar Nama
×

बिहार: वाहन ने टहलने निकले दंपति को मारी टक्कर, दोनों की मौत

बेगूसराय, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में सोमवार को एक वाहन ने एक दंपति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की ही मौत हो गई। पति और पत्नी सुबह टहलने निकले थे। जिस वाहन ने टक्कर मारी है, उस पर पुलिस का स्टीकर चिपका हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एनएच 333 बी का है। बताया जाता है कि श्रीनगर वार्ड नंबर 10 के रहने वाले नथुनी यादव (55) अपनी पत्नी इंदु देवी (52) के साथ अन्य दिनों की तरह सोमवार को टहलने निकले थे। इसी क्रम में एनएच 333 बी के श्रीनगर मोहनपुर गांव के पास पीछे से आ रहे एक एसयूवी वाहन ने दंपति को ठोकर मार दी। बताया जाता है कि घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई।

आसपास के लोगों का कहना है कि एसयूवी वाहन की गति तेज थी और अनियंत्रित होकर दंपति को ठोकर मार दी। कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद कार पर सवार सभी लोग फरार हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल साहेबपुर कमाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।

साहेबपुर कमाल के थाना प्रभारी एन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पुलिस का स्टीकर चिपका हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि यह वाहन किसी अधिकारी का होगा।

थाना प्रभारी ने कहा कि वाहन किसका है, इसका पता लगाया जा रहा है। इधर, घटना के बाद आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन इसे रोकने में नाकाम रहा है। ग्रामीण इस इलाके में स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे हैं, जिससे वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाया जा सके।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

Share this story

Tags