बिहार: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने विधायकों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का किया शुभारंभ
गया जी, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के गया जी में विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शनिवार को शुभारंभ हुआ। बिहार विधानसभा सचिवालय, प्राइड, लोकसभा सचिवालय और बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) के संयुक्त तत्वावधान में गया जी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विधायकों, विशेषकर नवनिर्वाचित सदस्यों, को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और जनप्रतिनिधि के दायित्वों से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इसका उद्देश्य नवविर्वाचित और अन्य विधायकों को सदन की कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। इसके तहत उन्हें सदन को सुचारू रूप से चलाने और अनुशासन के साथ अपनी बात रखने की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
कार्यक्रम को विधायकों के क्षमता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों का संसदीय प्रक्रियाओं से भली-भांति परिचित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से नवनिर्वाचित सदस्यों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय शिष्टाचार और जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे वे जनता की समस्याओं को विधानसभा पटल पर अधिक प्रभावी ढंग से उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के सभी विधायकों को आमंत्रित किया गया है। प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विधानसभा सचिवालय की ओर से की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रबोधन कार्यक्रम विधायकों के लिए उपयोगी और ऐतिहासिक साबित होगा।
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कुल सात तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संसदीय प्रक्रिया एवं नियम, सदस्यों के अधिकार और कर्तव्य, आचार संहिता, प्रश्नकाल की कार्यप्रणाली, कार्यपालिका की जवाबदेही, आधुनिक तकनीक का उपयोग, विधायी एवं बजट प्रक्रिया, विशेषाधिकार, प्रोटोकॉल तथा संसदीय समितियों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के अलावा बिहार के राज्यपाल सैयद आता हुसैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन रविवार को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्रों और संवाद के साथ होगा।
इससे पहले, बिहार के गया जी पहुंचने पर उपराष्ट्रपति का बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीसीएच

