बिहार: ट्रक से टकराकर कार में लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत
गयाजी, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले में डोभी–पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बुधवार देर रात बोधगया थाना क्षेत्र के सीजुआ गांव के समीप हुई। डोभी की ओर से आ रही झारखंड नंबर की एक स्विफ्ट कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाद लोडेड ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में फोरलेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। उसी समय डोभी की तरफ से पटना जा रही कार अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का डीजल टैंक तुरंत फट गया। टैंक फटते ही उसमें से डीजल बहने लगा और देखते ही देखते दोनों गाड़ियों में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। बताया गया कि कार चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा लेकिन पीछे की सीट पर बैठे दो अन्य लोग कार में ही फंस गए। आग की तेज लपटों के कारण दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है।
गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम

