बिहार : तिरंगा लेकर लोकभवन मार्च पर निकले राजद कार्यकर्ता, सरकार पर बरसे भाई वीरेंद्र
पटना, 19 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए। राजद कार्यकर्ता जेपी गोलंबर के पास जुट गए है। इस मार्च का नेतृत्व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव में होगा। मार्च के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथों में इस बार राजद के झंडे के बजाय तिरंगा नजर आया। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल के घटनाक्रमों में जिन निहत्थे लोगों पर गोली चलाने, लाठीचार्ज और हत्या के आरोप हैं, उनके मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग की। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि एनकाउंटर के नाम पर भी लोगों को गलत तरीके से मारा गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। सरकार की ओर से नौकरी देने का वादा किया गया है, इसलिए एनकाउंटर में मारे गए कथित बेगुनाह लोगों के परिवारों को भी सरकारी नौकरी और मुआवजा मिलना चाहिए।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर छात्रों और नौजवानों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। भाई वीरेंद्र ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में छात्रों के साथ होती तो बिहार और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठियां नहीं चलतीं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं के भविष्य को लेकर छात्र और नौजवान लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं। राजद विधायक ने तिरंगा लेकर मार्च करने को लेकर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय ध्वज है और इसे लेकर पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि वे भारतीय हैं।
उन्होंने कहा कि राजद लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे ‘बड़का झूठा पार्टी’ करार दिया। भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी का आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस जहां भी रोकने का प्रयास करेगी, वे वहीं रुकेंगे और प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए राजद कार्यकर्ता हर तरह का कष्ट सहने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े सवालों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। पटना में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किया गया है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम

