बिहार : तेजस्वी का निशांत पर तंज, कहा-शिक्षा मंत्री पर पूरा विश्वास, उन्हें इंजीनियर बना देंगे
पटना, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की शैक्षणिक योग्यता (डिग्री) को लेकर तंज कसा। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे बिहार के शिक्षा मंत्री पर पूरा विश्वास है कि वे निशांत कुमार को इंजीनियर बनाने का काम करेंगे।
राजद का दावा है कि पहले जदयू नेता निशांत कुमार को इंजीनियर बताते थे, लेकिन विधान परिषद चुनाव के हलफनामे में उन्होंने स्वयं को 12वीं पास बताया है।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि ये लोग सिर्फ मुझे और पिता लालू प्रसाद यादव को अपशब्द कहने और जगहों के नाम बदलने का काम कर रहे हैं। मैंने सम्राट चौधरी को 'चीप मिनिस्टर' कह दिया तो भाजपा के लोगों को बहुत बुरा लगा। अगर कोई 'चीप राजनीति' करेगा तो उसे 'चीप' ही कहा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी सिलेक्टेड मुख्यमंत्री हैं, वह इलेक्टेड नहीं हैं। अगर वह मुख्यमंत्री बन गए हैं तो उन्हें अपनी सोच में कुछ बदलाव लाना चाहिए। आज प्रदेश में सभी लोग परेशान हैं। उनके पास कोई रोडमैप नहीं है, कोई विजन नहीं है।
इधर, तेजस्वी यादव ने शौचालय को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शौचालय की एक तस्वीर शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिहार में चंद मिनटों के उपयोग के लिए बना रेड कार्पेट वाला सबसे वीवीवीआईपी शौचालय। चंद माह पूर्व प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के एक घंटे के कार्यक्रम में चंद सेकंड के उपयोग के लिए 7.41 लाख रुपए की लागत से एक अस्थायी वीवीआईपी टॉयलेट का निर्माण कराया गया। आरटीआई से खुलासा हुआ है कि बिहार जैसे राज्य के सबसे वंचित और पिछड़े जिले अररिया के रानीगंज में यह कारनामा कराया गया।
उन्होंने आगे लिखा कि सर्वविदित है कि आम आदमी को शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपए की सरकारी राशि तय है, जिसमें 20 फीसदी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता है। 7.41 लाख रुपए में गरीबों के लिए 37 स्थायी शौचालयों का निर्माण कराया जा सकता था।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके

