Samachar Nama
×

बिहार : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 135 टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री का वितरण

बिहार : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 135 टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री का वितरण
बिहार : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 135 टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री का वितरण

नवादा, 17 जुलाई (आईएएनएस)। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नवादा के समाहरणालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग, रोटरी क्लब ऑफ नवादा एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश द्वारा टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री का वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच, नियमित दवा सेवन एवं चिकित्सकीय परामर्श का पालन कर इस बीमारी को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने आमजनों से टीबी के प्रति जागरूक रहने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के 135 टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों की निःशुल्क जांच, उपचार, नियमित अनुश्रवण एवं परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य संस्थान में जांच कराने तथा उपचार पूरा होने तक नियमित रूप से दवा लेने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, रोटरी क्लब ऑफ नवादा, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, नवादा के प्रतिनिधिगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags