Samachar Nama
×

बिहार: स्थापना दिवस पर कांग्रेस ने लोकतंत्र मजबूती का लिया प्रण, पटना में निकाली पदयात्रा

पटना, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष राजेश राम ने पार्टी का झंडा फहराया तथा कांग्रेस सेवा दल को नया ध्वज सौंपकर झंडे की सलामी ली।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मौजूद सभी कांग्रेसजनों को लोकतंत्र की मजबूती और संरक्षण के लिए संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पांच जनवरी से प्रदेश भर में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ की शुरुआत करेगी। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के बारे में कहा कि यह कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि भारत के संविधान से प्राप्त काम का अधिकार है, जिसकी रक्षा हर हाल में की जाएगी।

उन्होंने उपस्थित कांग्रेसजनों को शपथ दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीण मजदूरों के सम्मान, रोजगार, मजदूरी तथा समय पर भुगतान के अधिकार के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगी और मांग-आधारित रोजगार व ग्राम सभा के अधिकारों की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र पर पूर्ण विश्वास रखते हुए कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाने, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने और गांव-गांव तक अपनी आवाज बुलंद करने का संकल्प लेती है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी एवं सेवा दल द्वारा प्रदेश कार्यालय से गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता मदन मोहन झा, बिहार के सह प्रभारी शाहनवाज आलम एवं कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव ने किया। पदयात्रा के दौरान पूर्व राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की समाधि स्थल बांस घाट पर जाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम एवं अन्य नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags