Samachar Nama
×

बिहार: शेखपुरा में अपराधियों ने 12 लाख के आभूषण लूटे, जांच में जुटी पुलिस

शेखपुरा, 6 जून (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के कीमती जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
बिहार: शेखपुरा में अपराधियों ने 12 लाख के आभूषण लूटे, जांच में जुटी पुलिस

शेखपुरा, 6 जून (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के कीमती जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस अब मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, अरियरी प्रखंड मुख्यालय फरपर स्थित लक्ष्मी मार्केट में संचालित एक सोने-चांदी की दुकान के मालिक अभिषेक वर्मा देर शाम अपनी दुकान बंद कर अपनी बाइक से शेखपुरा शहर के वीआईपी रोड स्थित अपने घर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान शेखपुरा-महुली मुख्य सड़क मार्ग पर अरियरी थाना क्षेत्र के नवीननगर ककरार स्थित एक बंद चिप्स मिक्सिंग प्लांट के समीप छह अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे। अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर व्यवसायी को रोका और जेवरात से भरा बैग छीनकर शेखपुरा की ओर फरार हो गए।

अभिषेक वर्मा ने बताया कि वे अपने साथ एक थैले में 60 ग्राम सोना और करीब 3 किलो चांदी के कीमती जेवरात भी लेकर लौट रहे थे। पीछे से दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर आए पांच-छह की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि तीन साल पहले भी उनके दुकान में चोरी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही अरियरी थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, पुलिस सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, डीआईयू टीम प्रभारी अवधेश कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के क्रम में अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, इलाके के विभिन्न जगहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी

Share this story

Tags