बिहार सरकार से कोई उम्मीद नहीं, सीएम पर ही कई आरोप लगे हैं: तेजस्वी यादव
पटना, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को एनडीए सरकार पर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में जो सरकार चल रही है, उससे कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार में मुख्यमंत्री पर ही कई गंभीर आरोप लगे हैं, तब आप क्या ही उम्मीद कर सकते हैं?
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "इस सरकार में कुल 18 ऐसे मंत्री हैं जो परिवारवादी हैं। केवल परिवारवादी और आपराधिक इतिहास वाले इस मंत्रिमंडल में हैं। आप समझ सकते हैं कि बिहार की स्थिति क्या है। इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। कोई विजन नहीं है, कोई रोडमैप नहीं है। दिनभर केवल फोटोशूट चलता है। 50 मीटर पैदल चलना है और फोटोशूट कराना है।"
उन्होंने आगे कहा, 'आप खुद समझ सकते हैं कि बिहार में सरकार कैसे चल रही? लोगों में इस सरकार के प्रति अब गुस्सा है। चुनाव के बाद पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। लोग अब वस्तुएं खरीदने से मना कर रहे हैं।'
राजद नेता ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये लोग हमें पुराने दौर में ले जाना चाहते हैं। ये सरकार हमें बैलगाड़ी के दौर में लेकर जाना चाहती है। हमने कहा ही था कि चुनाव के बाद सरकार महंगाई बढ़ाएगी और वैसा ही हुआ। लोगों को ठगा गया। चुनाव खत्म, लोगों को ठगा गया।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में खजाना खाली है। कहीं कुछ नहीं हो रहा है। ब्लैकआउट में व्यापारियों की हत्या की जाती है। उन्होंने ब्लैकआउट पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग बंकर कब बना रहे हैं? प्रधानमंत्री के विदेश के दौरे पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे या तो चुनावी दौरे पर रहते हैं या तो विदेश दौरे पर रहते हैं। तभी तो देश का यह हाल है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

