बिहार सरकार के मंत्रियों ने कहा- सोनिया गांधी को नीतीश कुमार की नहीं, अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए
पटना, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडिया ब्लॉक की बुधवार को हुई बैठक में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा दिए गए बयान पर राज्य सरकार के मंत्रियों ने पलटवार किया। मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि उन्हें अपनी पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
पटना में विजय सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग अवसरवादी और वंशवादी राजनीति करते हैं, वे राष्ट्रीय हित से ज्यादा परिवार और पार्टी के हितों को प्राथमिकता देते हैं। इस सोच और उसके असर की झलक कहीं न कहीं देखने को मिली है। नीतीश कुमार ने हमेशा देश और समाज के हित में काम किया है।
इसी बीच मंत्री मदन सहनी ने कहा कि यह शुद्ध रूप से कांग्रेस और सोनिया गांधी को नीतीश कुमार को समय पर नहीं पहचान पाने का पछतावा है, जिसे वह इस रूप से व्यक्त कर रही हैं, उसे देश के नेता के साथ-साथ जनता भी देख रही है। उस समय नीतीश कुमार को साथ लेकर चलते तो यह प्रयास सफल हो सकता था। विभिन्न राज्यों से नीतीश कुमार ने इंडिया ब्लॉक के लिए समर्थन जुटाया था। कांग्रेस समय रहते उनके नेतृत्व में काम करती है तो देश का अलग दृश्य देखने को मिलता। इसी का पछतावा कांग्रेस को हो रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के विरोध पर मंत्री सहनी ने कहा कि एक साल के बाद कोई मुद्दा नहीं बचा है तो चुनाव आयोग के खिलाफ लग गए हैं। इनके पास जनता का समर्थन नहीं है। जनता ने जिसे वोट दिया, उनकी प्रदेश में सरकार है।
उन्होंने कहा कि ईवीएम पर दोष देने वाले यह भी बताए कि अगर ईवीएम में छेड़छाड़ होती तो कांग्रेस का बिहार में खाता कैसे खुला, ये तो जीरो पर आउट होते।
उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से बेहतर होगा कि वह अपनी पार्टी को मजबूत करें।
बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार नजर बनाए हुए हैं। जहां भी बाढ़ आई है, वहां निरीक्षण किया गया है। किचन की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी को दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसके अलावा हजारों लोगों को सहायता राशि दी गई है। सरकार के स्तर से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। बिहार में 2008 में कोसी में आपदा आई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो आपदा प्रबंधन की व्यवस्था की थी, उसे सभी अपना रहे हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

