बिहार: सारण में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण के साथ एक गिरफ्तार
छपरा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले की गरखा थाना पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चार खाली मैगजीन, हथियार बनाने और मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गरखा थाना क्षेत्र के साधपुर गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम को देखते ही एक व्यक्ति मकान के पिछले दरवाजे से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान विकास कुमार शर्मा, निवासी विशुनपुरा, थाना परसा, जिला सारण के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चार खाली मैगजीन, एक मोटरसाइकिल तथा ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वाइस मशीन, हथौड़ी, रेती, पंच, स्प्रिंग, पाइप, ड्रिल बिट, कटिंग मशीन और अन्य कई उपकरण बरामद किए, जिनका इस्तेमाल अवैध हथियार बनाने और उनकी मरम्मत में किया जाता था।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध हथियारों के निर्माण और मरम्मत का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि बरामद दोनों पिस्टल मरम्मत के लिए उसके पास लाई गई थीं।
आरोपी ने यह भी दावा किया कि जिस मकान में यह गतिविधि चल रही थी, उसके मालिक के संरक्षण में अवैध हथियार निर्माण के साथ-साथ शराब और हथियारों के अवैध कारोबार का भी संचालन किया जाता है। इस संबंध में गरखा थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियार निर्माण से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच

