बिहार: 'समृद्धि यात्रा' पर निकलेंगे सीएम नीतीश कुमार, जानेंगे विकास योजनाओं का हाल
पटना, 11 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश की विकास योजनाओं की हकीकत जानने के लिए 16 जनवरी से प्रदेश की यात्रा पर निकलने वाले हैं। मुख्यमंत्री की इस यात्रा का नाम 'समृद्धि यात्रा' रखा गया है। इस यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री राज्य के सभी जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस यात्रा के क्रम में विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर सभी विभागों के प्रधान सचिव और सभी जिलों के जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में संचालित सात निश्चय के तहत चलाई जा रही विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
इधर, जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के लिए निकल रहे हैं। बिहार में एक समय था जब लोग घर में दुबके रहते थे, लेकिन आज मुख्यमंत्री कड़ाकड़ाती ठंड में भी यात्रा पर निकल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा निजी संपत्ति के विकास के लिए या अपने परिवार के सदस्यों के राजनीतिक समायोजन के लिए नहीं, बल्कि बिहार को समृद्ध बनाने में सात निश्चय द्वारा की गई योजनाओं और प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के कार्यान्वयन की जमीनी हकीकत जानने के लिए है। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनता की अदालत में जनता से सीधा संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री की यह समृद्धि यात्रा बिहार की समृद्धि का कारक तो होगी ही, बिहार को 2025-2030 सात निश्चय पार्ट तीन में बिहार को विकसित राज्य बनाने में भी सहायक होगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए यह कोई पहला मौका नहीं है कि वे किसी यात्रा के जरिए प्रदेश के दौरे पर निकलने वाले हैं। इससे पहले भी वे जल, जीवन, हरियाली यात्रा, समाधान यात्रा, प्रगति यात्रा सहित कई यात्रा कर चुके हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

