बिहार: सड़क किनारे खेत में मिला किशोरी का शव, पुलिस पहचान में जुटी
गोपालगंज, 10 मई (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क के किनारे खेत से पुलिस ने एक किशोरी का शव बरामद किया है। किशोरी की हालांकि अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस प्रथम दृष्टया अन्यत्र हत्या कर यहां शव फेंके जाने की आशंका जता रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के गम्हारी दियारा इलाके से एक खेत से 15 वर्षीय किशोरी का शव बरामद किया है। किशोरी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की जानकारी पर गोपालगंज सदर-दो अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राजेश कुमार एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किशोरी की हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छुपाने के उद्देश्य से यहां लाकर सड़क किनारे फेंका गया। पुलिस के अनुसार किशोरी के नाक से झाग निकल रहा था तथा हाथ-पैर अकड़े हुए थे। मामले में जहर देकर हत्या और दुष्कर्म दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर इस मामले को देख रही है। अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए पुलिस प्रयास में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे। टेक्निकल सेल और एफएसएल टीम जांच में जुटी है। शव मिलने के बाद इलाके में कई तरह से चर्चा हो रही है। वहीं पहचान के लिए गोपालगंज पुलिस ने किशोरी की तस्वीर सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी पुलिस को भेजी है, ताकि उसकी पहचान कर मामले का खुलासा किया जा सके।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस

