बिहार: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने विक्रमशिला-कटरिया नई लाइन के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया
हाजीपुर, 15 जून (आईएएनएस)। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सोमवार को पाटलिपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी-नौगछिया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों, पुल-पुलियों, ओएचई प्रणाली, पथ-रचना तथा ट्रैक की संरक्षा एवं मजबूती को देखा।
इसके साथ ही महाप्रबंधक द्वारा विक्रमशिला-कटरिया नई लाइन परियोजना के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण क्रम में महाप्रबंधक नौगछिया स्टेशन पहुंचे। इसके उपरांत वे नौगछिया की तरफ कटरिया के उपरी भाग के निर्माण साइट का निरीक्षण किया।
महाप्रबंधक ने भागलपुर की तरफ स्थित निर्माण स्थल एवं नए स्टेशन साइट का भी निरीक्षण किया। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबी डबल लाइन वाले पुल का भी निर्माण किया जाना है, जिससे संबंधित निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मुख्य पुल के डिज़ाइन एवं ड्राइंग का कार्य अगले तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके उपरांत मुख्य पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मुख्य पुल से जुड़े दोनों तरफ बनने वाले रेल लाइन के लिए 180 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
अधिगृहीत की जाने वाली इस 180 हेक्टेयर जमीन में से आधे से ज्यादा प्राइवेट जमीन है, जिसे अधिग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बता दें कि 2549 करोड़ रुपए की लागत से बिहार में भागलपुर के पास गंगा नदी पर 26 किमी लंबे विक्रमशिला-कटरिया नई लाइन का निर्माण किया जाना है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबी डबल लाइन वाला पुल भी निर्माण किया जाएगा।
विक्रमशिला-कटरिया नई लाइन परियोजना में विक्रमशिला स्टेशन भागलपुर-साहिबगंज रेलखंड तथा कटरिया स्टेशन कटिहार-बरौनी रेलखंड पर स्थित है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर बनने वाला रेल पुल वाई आकार का होगा, जो उत्तर दिशा में कटरिया और नवगछिया तथा दक्षिण दिशा में विक्रमशिला और शिवनारायणपुर स्टेशनों को जोड़ेगा। इस पुल के निर्माण होने से बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र का अंग क्षेत्र से सीधा जुड़ाव होगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

