बिहार: पत्नी ने शराब के लिए पैसे देने से किया इनकार तो गुस्से में युवक ने चाकू से रेता अपना गला, हालत गंभीर
गोपालगंज, 28 जून (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे नहीं मिलने पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गुस्से में चाकू से अपना ही गला रेत लिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के करवतही बाजार की है। घायल की पहचान करवतही गांव निवासी 38 वर्षीय मुन्ना मियां के रूप में हुई है, जो मुख्तार मियां का पुत्र है। परिजनों के अनुसार, मुन्ना मियां शराब का आदी है। उसकी पत्नी मुन्नी खातून गांव-गांव घूमकर चूड़ियां बेचती है और उसी की कमाई से परिवार का भरण-पोषण होता है।
मुन्ना मियां ने रविवार को शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे, लेकिन पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मुन्ना मियां ने आवेश में आकर गले पर चाकू से वार कर लिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार युवक के गले में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के बाद युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

