बिहार: पटना स्नातक सीट पर नीरज के समर्थन में उतरे निशांत कुमार, बोले- एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से जिताएं
पटना, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक सीट से पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार में जारी सियासी घमासान के बीच रविवार को नया मोड़ आ गया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार ने नीरज कुमार के समर्थन में खुलकर उतरते हुए उन्हें एनडीए का अधिकृत उम्मीदवार बताया और मतदाताओं से भारी मतों से जिताने की अपील की।
पटना स्थित जदयू कार्यालय में सोमवार को होने वाले नामांकन से पहले रविवार को पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में खास तौर पर पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। बैठक के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में नीरज कुमार के पक्ष में पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा, "मैं बिहार और पटना जिले के सभी अपने स्नातक वोटर और शिक्षक वोटर से अपील करता हूं कि आप हमारे एनडीए प्रत्याशी को भारी वोट से जिताएं। हमारे नीरज जी पार्टी से समता काल से ही जुड़े हुए हैं। वे समाजवादी हैं और पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। पार्टी की विचारधारा के प्रति हमेशा उनकी प्रतिबद्धता रही है। आप सभी नीरज जी को भारी वोट से जिताएं।"
निशांत कुमार ने नीरज कुमार को एक अनुभवी नेता बताते हुए कहा कि वह पहले भी विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं और मंत्री भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार को वोट देने का सीधा मतलब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के कार्यों और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से सभी सीटों पर एनडीए के अधिकृत उम्मीदवारों की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
बता दें कि जदयू के विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर जन सुराज के पटना स्नातक सीट के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में निशांत का नीरज के समर्थन में खुलकर सामने आना अनंत सिंह के रुख को लेकर जदयू के शीर्ष नेतृत्व के रुख का संकेत माना जा रहा है। इससे पहले नीरज कुमार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात कर चुके हैं।
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने अपने हाथों से नीरज कुमार को पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार का पत्र सौंपा था। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह के रुख को गलत बताते हुए कहा कि का शीर्ष नेतृत्व पूरे मामले को देख रहा है। लगातार सामने आ रहे इन बयानों के बाद अनंत सिंह को लेकर पार्टी के संभावित रुख को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, निशांत कुमार के समर्थन के बाद नीरज कुमार के समर्थकों का उत्साह बढ़ा है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

