बिहार: पटना के मोकामा में कुएं से दो बच्चों के शव बरामद, अन्य शवों की आशंका से तलाशी अभियान जारी
पटना, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव में गुरुवार को एक कुएं से दो बच्चों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कुएं में अन्य बच्चों के शव होने की आशंका को देखते हुए पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चला रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाद बरहपुर गांव स्थित एक कुएं में कुछ बच्चों के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मोकामा थानाध्यक्ष और संबंधित पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस टीम ने कुएं से दो बच्चों के शव बाहर निकलवाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल बच्चों की पहचान और उनकी मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पटना ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक और बाढ़ अनुमंडल के एसडीपीओ राम कृष्णा भी घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने कुएं और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीपीओ राम कृष्णा ने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस को बरहपुर गांव के कुएं में कुछ बच्चों के शव होने की सूचना मिली थी। इसके बाद मोकामा थानाध्यक्ष और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और दो शवों को बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि कुएं में करीब 25 से 30 फीट पानी है। ऐसे में वहां और भी शव होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए कुएं का पानी निकलवाकर पूरी तलाशी कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। वहीं, शुरुआती जांच में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता कुएं की पूरी तलाशी लेने और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने की है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

