Samachar Nama
×

बिहार: पटना जंक्शन से सकुशल बरामद हुई नाबालिग छात्रा, संदिग्ध की तलाश में छापेमारी

बिहार: पटना जंक्शन से सकुशल बरामद हुई नाबालिग छात्रा, संदिग्ध की तलाश में छापेमारी
बिहार: पटना जंक्शन से सकुशल बरामद हुई नाबालिग छात्रा, संदिग्ध की तलाश में छापेमारी

पटना, 12 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में खगौल थाना क्षेत्र से लापता हुई दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को पटना पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा के स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं लौटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी का गठन किया था। पुलिस अब छात्रा के साथ जाने वाले संदिग्ध युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना संकेत कुमार ने बुधवार को बताया कि 10 अगस्त को खगौल थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी नाबालिग भतीजी, जो दसवीं कक्षा में पढ़ती है, सुबह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। परिजनों की खोजबीन के दौरान दानापुर स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे छात्रा की स्कूल ड्रेस और बैग बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों सामान को विधिवत जब्त किया। इस मामले में खगौल थाना कांड संख्या 408/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश में तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। टीम की अध्यक्षता एएसपी दानापुर वन कर रहे हैं।

एसपी पश्चिमी ने बताया कि छात्रा की बरामदगी के लिए पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद ली। लगातार जांच के दौरान पुलिस को छात्रा की संभावित लोकेशन पश्चिम बंगाल क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद एक टीम तत्काल बंगाल के लिए रवाना की गई। हालांकि, छात्रा की लोकेशन लगातार बदल रही थी। पुलिस टीम ने संभावित लोकेशन को ट्रैक करते हुए कार्रवाई जारी रखी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने छात्रा को पटना जंक्शन के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान भी हुई है, जिसके साथ छात्रा चली गई थी। उसकी पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है, जो आसनसोल का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस अब विशाल कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएमटी

Share this story

Tags