Samachar Nama
×

बिहार : नेता प्रतिपक्ष के आप्त सचिव प्रीतम कुमार केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्त, एनएचआईडीसीएल में बने डिप्टी जनरल मैनेजर

बिहार : नेता प्रतिपक्ष के आप्त सचिव प्रीतम कुमार केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्त, एनएचआईडीसीएल में बने डिप्टी जनरल मैनेजर
बिहार : नेता प्रतिपक्ष के आप्त सचिव प्रीतम कुमार केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्त, एनएचआईडीसीएल में बने डिप्टी जनरल मैनेजर

पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रीतम कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) भेजने की अधिसूचना जारी की है। वह सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्यरत एनएचआईडीसीएल में डिप्टी जनरल मैनेजर (एचआर एंड एडमिन) के पद पर अपनी सेवाएं देंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रीतम कुमार वर्तमान में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आप्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। उन्हें केंद्र सरकार के अधीन राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड , नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि प्रीतम कुमार की सेवाएं औपचारिक रूप से एनएचआईडीसीएल को सौंप दी गई हैं। इसके साथ ही उन्हें अधिसूचना जारी होने की तिथि से उनके वर्तमान पद से विरमित कर दिया गया है, ताकि वे नई जिम्मेदारी का कार्यभार ग्रहण कर सकें।

एनएचआईडीसीएल सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाला एक प्रमुख सार्वजनिक उपक्रम है, जो देश के दुर्गम और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्गों तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के निर्माण एवं विकास का कार्य करता है। मानव संसाधन एवं प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण पद पर प्रीतम कुमार की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना बिहार के राज्यपाल के आदेश से निर्गत की गई है। इस अधिसूचना पर सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास के हस्ताक्षर हैं। प्रशासनिक हलकों में इसे एक महत्वपूर्ण प्रतिनियुक्ति माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बिहार प्रशासनिक सेवा में अर्जित अनुभव का लाभ प्रीतम कुमार अपनी नई जिम्मेदारी में उठाएंगे, वहीं केंद्र सरकार की अवसंरचना परियोजनाओं के प्रशासनिक प्रबंधन में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Share this story

Tags