नवादा में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर सर्वदलीय बैठक, 11 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां
नवादा, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को नवादा समाहरणालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग, बिहार द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को स्वच्छ, शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निपटारा किया जा सके।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को किया गया है। दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकेंगी। विशेष अभियान दिवस 21-22 नवंबर तथा 5-6 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे। दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
बैठक में बताया गया कि 1 जनवरी 2027 के साथ-साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक भी अग्रिम आवेदन के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि फॉर्म-6 और 6ए के माध्यम से नया नाम जोड़ा जा सकता है, फॉर्म-7 से नाम हटाने तथा फॉर्म-8 के जरिए मतदाता सूची में सुधार, पता परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन और दिव्यांगजन के रूप में चिह्नांकन के लिए आवेदन किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवसों पर सभी बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे ताकि नागरिकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

