Samachar Nama
×

बिहार: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित होने से रोकने के विरोध में लोजपा (आर) का प्रदर्शन

पटना, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने के विरोध में शनिवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के महिला प्रकोष्ठ सदस्यों ने पटना स्थित इनकम टैक्स गोलंबर के पास जोरदार प्रदर्शन किया।
बिहार: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित होने से रोकने के विरोध में लोजपा (आर) का प्रदर्शन

पटना, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने के विरोध में शनिवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के महिला प्रकोष्ठ सदस्यों ने पटना स्थित इनकम टैक्स गोलंबर के पास जोरदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ पुतला दहन कर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया गया।

महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शोभा पासवान ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष द्वारा इसे पारित होने से रोकने का प्रयास उनकी महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी और सम्मान दिलाने का माध्यम बनेगा, जिसे विपक्ष अनावश्यक रूप से बाधित कर रहा है।

पासवान ने आगे कहा, "लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है। हम इस महत्वपूर्ण विधेयक के समर्थन में हैं और इसे लागू कराने के लिए सड़क से सदन तक आवाज उठाते रहेंगे।"

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और एकजुट होकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि जनता अब विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जन जागरूकता अभियान चलाएंगे और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।

इधर, भाजपा ने पूरे प्रदेश में 20 अप्रैल को आक्रोश मार्च निकालने का निर्णय लिया है। लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के पास न होने के बाद शनिवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक में महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि विपक्ष महिला विरोधी है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने पर खुशी मना रही है। बैठक में आक्रोशित महिलाओं ने जल्द ही इसके लिए विरोधी दलों के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की।

बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को इंडी गठबंधन द्वारा लोकसभा में पारित न होने देने के विरोध में आगामी 20 अप्रैल को पटना सहित पूरे प्रदेश में आक्रोश मार्च निकाले जाने का निर्णय लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाली ताकतों को जनता के बीच बेनकाब करने के लिए भाजपा पूरी मजबूती के साथ सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि हम सड़क पर उतरकर इस षड्यंत्र का मुंहतोड़ जवाब देंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags