Samachar Nama
×

बिहार: नालंदा विश्वविद्यालय और एनआईटी कालीकट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को लेकर एमओयू

बिहार: नालंदा विश्वविद्यालय और एनआईटी कालीकट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को लेकर एमओयू
बिहार: नालंदा विश्वविद्यालय और एनआईटी कालीकट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को लेकर एमओयू

राजगीर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी ), कालीकट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक साझेदारी को मजबूत करना, विभिन्न विषयों में संयुक्त शोध को प्रोत्साहित करना और ज्ञान एवं शैक्षणिक संसाधनों का आदान-प्रदान करना है।

नालंदा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी और एनआईटी कालीकट के निदेशक प्रोफेसर प्रसाद कृष्ण ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाओं, शोध निर्देशन, शिक्षण कार्यक्रमों और पोस्ट-डॉक्टोरल शोध में सहयोग करेंगे।

इसके अलावा, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, शैक्षणिक सम्मेलनों, संगोष्ठियों और संयुक्त शोध प्रकाशनों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों संस्थान शैक्षणिक प्रकाशनों और अध्ययन से जुड़े संसाधनों को साझा करेंगे, जिससे शोधार्थियों और विद्यार्थियों को नए अवसर मिल सकेंगे।

इस साझेदारी पर प्रसन्नता जताते हुए कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने कहा कि इससे पुरातत्व, डाटा एनालिटिक्स, आपदा अध्ययन और आपदाओं के प्रति सक्षम एवं अनुकूल बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से काम करने के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से शास्त्रीय भाषाओं पर संयुक्त शोध की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस तरह का प्रयास ज्ञान और विश्लेषण की पद्धतियों को औपनिवेशिक प्रभावों से मुक्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने एनआईटी कालीकट की मजबूत परिसर संस्कृति और उद्योग जगत के साथ उसके बेहतर संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि नेट जीरो परिसर और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्ध नालंदा विश्वविद्यालय इस साझेदारी के जरिए साझा शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है। समझौते का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण और उनके लिए डिजिटल संसाधनों का विकास भी है।

इसके साथ ही सांस्कृतिक विरासत के दस्तावेजीकरण, संरक्षण और संवर्धन पर संयुक्त रूप से काम किया जाएगा। रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक उद्यमिता और सतत आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए भी पहल की जाएगी। दोनों संस्थानों के बीच यह समझौता तकनीकी और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय के साथ बहुविषयक शोध को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए सहयोग एवं अकादमिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags